Site icon Yashbharat.com

INDvsWI: पृथ्वी का डेब्यू मैच में शतक, लगाई रिकॉर्ड की झड़ी

images 6

खेल डेस्क। भारत के पृथ्वी शॉ ने गुरुवार को राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में खास उपलब्धि हासिल की। शॉ ने डेब्यू मैच में शतक लगाते हुए अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवा लिया। वे डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज बने।

शॉ ने 98 गेंदों में 15 चौकों की मदद से शतक पूरा किया। उन्होंंने पॉल की गेंद पर 2 रन लेकर शतक पूरा किया।पृथ्वी से पहले भारत की तरफ से डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में लाला अमरनाथ, आर शोधन, एजी कृपाल सिंह, अब्बास अली बेग, हनुमंत सिंह, गुंडु्प्पा विश्वनाथ, सुरिंदर अमरनाथ, मोहम्मद अजहरूद्दीन, प्रवीण आमरे, सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, सुरेश रैना, शिखर धवन और रोहित शर्मा शामिल हैं।

डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले चौथे युवा बल्लेबाज

17 वर्ष 61 दिन – मोहम्मद अशरफुल (बांग्लादेश वि. श्रीलंका – कोलंबो 2001)

17 वर्ष 352 दिन – हेमिल्टन मसाकाद्जा (जिम्बाब्वे वि. वेस्टइंडीज – हरारे 2001)

18 वर्ष 323 दिन – सलीम मलिक (पाकिस्तान वि. श्रीलंका – कराची 1982)

18 वर्ष 329 दिन – पृथ्वी शॉ (भारत वि. वेस्टइंडीज – राजकोट 2018)

पहला टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे युवा भारतीय : 

पृथ्वी भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में पहला टेस्ट शतक लगाने के मामले में दूसरे भारतीय बने। सबसे कम उम्र में पहले टेस्ट शतक का भारतीय रिकॉर्ड सचिन तेंडुलकर के नाम दर्ज है। उन्होंने 17 साल 112 दिन की आयु में मैनचेस्टर में 1990 में इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाया था।

पृथ्वी शॉ को कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट कैप प्रदान की। वे भारत के 293वें टेस्ट खिलाड़ी बने। उन्होंने 18 वर्ष 329 दिन की उम्र में डेब्यू किया। वे केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे और उन्होंने पहली गेंद का सामना किया। वे किसी टेस्ट में पहली गेंद का सामना करने वाले चौथे कम उम्र के बल्लेबाज बने। उनसे कम उम्र में जिम्बाब्वे के हेमिल्टन मसाकाद्जा, बांग्लादेश के तमिम इकबाल और पाकिस्तान के इमरान फरहत ने यह करिश्मा किया था।

पहली टेस्ट फिफ्टी लगाने वाले तीसरे कम उम्र के भारतीय

पृथ्वी ने रोस्टन चेज की गेंद पर 1 रन लेकर फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 18 वर्ष 329 दिन की उम्र में फिफ्टी पूरी की। वे सबसे कम उम्र में पहली टेस्ट फिफ्टी लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने। उनसे कम उम्र में सचिन तेंडुलकर और पार्थिव पटेल ने यह उपलब्धि हासिल की। सचिन ने 16 वर्ष 214 दिन की आयु में 1989 में फैसलाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ पहली फिफ्टी बनाई थी। पार्थिव ने 18 वर्ष 301 दिन की उम्र में 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में यह करिश्मा किया था।

अपने पहले ही टेस्ट (डेब्यू टेस्ट) में अर्धशतक लगाने वाले पृथ्वी भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बने। पृथ्वी ने केवल 18 साल और 329 दिन में ये कारनामा किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड अब्बास अली बेग के नाम था, जिन्होंने 20 साल 176 दिन की उम्र में फिफ्टी लगाई थी। वहीं दिग्गज बल्लेबाज गुडप्पा विश्वनाथ ने भी 20 साल और 276 दिन में ही टेस्ट अर्धशतक लगा दिया था।

Exit mobile version