Site icon Yashbharat.com

Indian Railway News: पंजाब मेल, झेलम एक्सप्रेस और लोकल मेमू को भी चलाने की तैयारी

05 10 2020 rail cattle 2020105 215646

Indian Railway News पंजाब मेल, झेलम एक्सपेस व भोपाल-बीना लोकल मेमू को चलाने की तैयारी है। ये ट्रेनें इसी महीने चलने लगेंगी। इनके चलने से हजारों यात्रियों को फायदा होगा। पंजाब मेल व झेलम को चलाने के लिए मध्य रेलवे मुंबई के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक मध्य रेलवे को 1 अक्टूबर को प्रस्ताव भेज दिया है तो भोपाल रेल मंडल मेमू ट्रेन को चलाने की तैयारी कर रहा है। कोरोना संक्रमण के कारण मार्च से बंद की गई ट्रेनों को रेलवे बोर्ड अब पटरी पर उतार रहा है।

इस तरह भोपाल से अप-डाउन में करीब 40 ट्रेनें गुजरने लगी हैं। ट्रेनों का आवागमन चालू हुआ तो सफर करने वाले लोगों की संख्या भी बढ़ने लगेगी। इस वजह से भोपाल से होकर गुजरने वाली 40 में से 30 ट्रेनों में यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। खासकर जनरल डिब्बों में तो कोई गुंजाइश ही नहीं है। प्रत्येक ट्रेनों में जनरल डिब्बे दो या अधिकतम चार लगते हैं, जिनमें सीटें कम होती हैं और सफर करने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा है, इसलिए कंफर्म सीटें नहीं मिल रही है।

गौरतलब है कि संबंधित ट्रेनों व रेल मार्गों पर बढ़ता यात्रियों का दबाव रेलवे बोर्ड संज्ञान में है। इसके आधार पर बोर्ड ट्रेनों की संख्या बढ़ा रहा है। भोपाल से दुर्ग के बीच जबलपुर के रास्ते कोई ट्रेन नहीं थी, इसलिए हाल में अमरकंटक एक्सप्रेस को भोपाल से दुर्ग के बीच चलाया गया है। जबलपुर से सोमनाथ के बीच राजकोट भी चलने लगी है। इस रेलमार्ग पर भी ट्रेन की मांग थी

अब भोपाल के रास्ते मुंबई से फिरोजपुर व पुणे से जम्मूतवी के बीच भी ट्रेनों की मांग बढ़ रही है तो लोकल में भोपाल से बीना के बीच हजारों यात्रियों को ट्रेनें नहीं मिल रही हैं, जो ट्रेनें चल रही हैं, उनमें वेटिंग है। उनके चलने का समय भी लोकल के यात्रियों के अनुकूल नहीं है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए इन तीन ट्रेनों को चलाने की तैयारी की जा रही है।

भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों का कहना है संबंधित रेलमार्गों पर वेटिंग की जानकारी रेलवे के सिस्टम में ऑनलाइन मौजूद है। उसके आधार पर रेलवे बोर्ड स्तर से ट्रेनों को चलाने की अनुमति मिलती जा रही है। एक महीने के भीतर मंडल से 50 और नई ट्रेनें होकर गुजरने की संभावना है।

Exit mobile version