- सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण क्षेत्र में शिक्षा के नए युग की शुरुआत : संजय पाठक
- विधायक संजय पाठक के मुख्यातिथ्य में 33 करोड़ से निर्मित सांदीपनि विद्यालय हुआ लोकार्पण

कटनी। विजयराघवगढ़ विधानसभा के बरही तहसील के ग्राम पंचायत करेला में 33 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के मुख्यातिथ्य में हुआ । इस अवसर पर छात्रों एवं उनके परिवारजनों से संवाद करते हुए विधायक संजय पाठक ने कहा है कि करेला में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण केवल नए विद्यालय भवन का शुभारंभ नहीं, बल्कि खितौली करेला के दस किलोमीटर क्षेत्र में शिक्षा के नए युग और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य ओर नए युग की शुरुआत है। यह विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा और उन्हें ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और कौशल से संपन्न बनाकर जीवन में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने आगे संवाद करते हुए स्कूल के बच्चों से कहा कि आज स्कूल के लोकार्पण के अवसर पर जिला कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीओ के हरमनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार जैसे आईएएस, ईपीएस अधिकारियों की उपस्थिति है सभी के लिए ये प्रेरणा स्त्रोत होने चाहिए
विद्यालय में अर्जित ज्ञान जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है आपकी संपत्ति खत्म हो सकती है, लेकिन ज्ञान, विवेक और बुद्धि की संपदा को कोई छीन नहीं सकता। शिक्षा से प्राप्त विवेक ही व्यक्ति को चुनौतियों का सामना करने, सही निर्णय लेने और निरंतर प्रगति करने की शक्ति देता है। विद्यार्थी अपने विद्यालयीन समय का सदुपयोग करें तथा ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार भी ग्रहण करें।
शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं होना चाहिए। पढ़-लिखकर अच्छा डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, पत्रकार और प्रशासनिक अधिकारी बनने के साथ आधुनिक किसान, सफल उद्यमी, कुशल व्यापारी तथा जिम्मेदार नागरिक भी बना जा सकता है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप क्षेत्र चुनकर उसमें उत्कृष्टता प्राप्त करने का संकल्प लेना चाहिए। जिसे उच्च शिक्षा के लिए जो सहयोग चाहिए मैं आपके साथ हमेशा हूँ। आप जिस भी क्षेत्र में जाएं, पूरी लगन, ईमानदारी और परिश्रम के साथ कार्य करते हुए श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करें। मेरा प्रयास होगा कि खितौली में शासकीय कॉलेज खुलें जिससे बच्चों को बरही न जाना पड़े।
जिला कलेक्टर आशीष तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का अर्थ है सीखना। स्कूल में पढ़ाई करने के पश्चात आपने ऐसा क्या सीखा जिसका उपयोग आप जीवन को सार्थक बनाने के लिए करते हैं, यही स्कूली शिक्षा का आधार है। इसलिए रटने से अच्छा है कि किसी बात को गहराई से समझें जिससे वो बात आपके दिमाग में अच्छी तरह से बैठ जाए और बौद्धिक क्षमता बढ़े।
इस दौरान विधायक संजय पाठक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विद्यालय परिसर का अवलोकन किया और विद्यार्थियों को नवीन सर्वसुविधायुक्त विद्यालय की शुभकामनाएं दीं। लोकार्पण कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीओ के हरमनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार ,जनपद अध्यक्ष बड़वारा सुधा जायसवाल, विजयराघवगढ़ अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, पीयूष अग्रवाल,काशी गुप्ता, रंगलाल पटेल, अरविंद बडगैया, राजेश पटेल, तीर्थ पटेल,मनोज तिवारी ,अमर सिंह आदि मंचासीन रहे।
