अमीरगंज स्थित एमएसडब्ल्यू प्लांट एक्सपोजर विजिट में जनप्रतिनिधियों ने जाना कचरा प्रबंधन का आधुनिक मॉडल,महापौर सहित निगम पार्षदों ने वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, स्वच्छ एवं हरित कटनी के संकल्प को मिली ,नई ऊर्जा

अमीरगंज स्थित एमएसडब्ल्यू प्लांट एक्सपोजर विजिट में जनप्रतिनिधियों ने जाना कचरा प्रबंधन का आधुनिक मॉडल,महापौर सहित निगम पार्षदों ने वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, स्वच्छ एवं हरित कटनी के संकल्प को मिली ,नई ऊर्ज
कटनी। नगर के सतत विकास, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा अमीरगंज स्थित एमएसडब्ल्यू कचरा प्रसंस्करण प्लांट का एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, स्थानीय पार्षद विनोद लाला भट्टू, मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्व श्री सुभाष शिब्बू साहू, डॉ रमेश सोनी, जय नारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, श्रीमती बीना संजू बैनर्जी, सुमन राजू माखीजा, पार्षद शकुंतला सोनी, संजू जीवन चौधरी, रेखा संजय तिवारी, पूर्व पार्षद रचना गुप्ता, समाजसेवी श्रीमती सुनीता गुप्ता ने प्लांट में संचालित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं एवं कार्यों का अवलोकन किया।
एक्सपोजर विजिट के दौरान जनप्रतिनिधियों को प्लांट में प्रतिदिन प्राप्त होने वाले कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नगर से एकत्रित होने वाले कचरे को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उपयोगी संसाधनों में परिवर्तित करने का कार्य किया जा रहा है, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है बल्कि स्वच्छता व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बन रही है।
महापौर श्रीमती सूरी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्लांट में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कचरा प्रबंधन से जुड़े तकनीकी पहलुओं को समझा तथा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता उतनी ही आवश्यक है जितनी प्रशासनिक व्यवस्थाएं।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित वृक्षारोपण अभियान में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने एक वृक्ष मां के नाम अभियान के तहत अमलतास के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित मेयर इन काउंसिल सदस्यों पार्षदों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा भावी पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से भी कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
एक्सपोजर विजिट एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम ने स्वच्छ, सुंदर एवं हरित कटनी के निर्माण के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम का समापन नगर के समग्र विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रभावी कचरा प्रबंधन के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।








