खेलो इंडिया संवाद में युवाओं ने लिया खेल एवं फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प
PMCOE शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ आयोजन, सांसद बीडी शर्मा ने पैरा एथलीट शुभम चक्रवर्ती को किया सम्मानि
कटनी, 27 अगस्त। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (PMCOE) शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में गुरुवार को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के तहत विशेष आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। देशभर के करीब 5 हजार स्थानों एवं संस्थानों में आयोजित इस संवाद के माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने, फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और भारत को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विशिष्ट अतिथि कटनी-मुड़वारा विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सहित जनप्रतिनिधियों, खेल जगत से जुड़े लोगों, महाविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार वाजपेई ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इसके बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित खेलो इंडिया संवाद से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का स्मरण करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा खेलो इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
गांवों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को अवसर देने पर जोर
मुख्य अतिथि सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास होता है। देश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि गांवों और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और उचित मंच उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया संवाद जैसे कार्यक्रम युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा पहचानने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेल एवं फिटनेस को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके पैरा एथलीट शुभम चक्रवर्ती को सम्मानित किया। उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उपस्थित युवाओं से उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
कटनी की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल ने कहा कि कटनी जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवाओं को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। खेलो इंडिया जैसे अभियान युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। युवाओं को खेल भावना के साथ अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय प्रतिबद्ध
प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार वाजपेई ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया संवाद जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम विद्यार्थियों को देश में विकसित हो रही खेल संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में खेलो इंडिया योजना 2026 की परिकल्पना पर भी प्रकाश डाला गया। प्रतिभा पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, बेहतर खेल अधोसंरचना और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के माध्यम से खिलाड़ियों के समग्र विकास पर जोर दिया गया। ओलंपिक एवं पैरालंपिक खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, टार्गेट ओलंपिक पोडियम स्कीम सहित विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण संस्थानों में निवेश के माध्यम से भारत की खेल शक्ति को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पीतांबर टोपनानी, पैरा एथलीट शुभम चक्रवर्ती, राम रतन पायल, शशांक श्रीवास्तव, अंकिता तिवारी, सपना सरावगी, अक्षय श्रीवास्तव, सुरेश सोनी, रवि खरे, सचिन श्रीवास्तव, मृणाल बनर्जी, महेश दुबे, प्रो. वीके द्विवेदी, प्रो. विनय वाजपेई, प्रो. प्रतिमा त्रिपाठी, प्रो. एमपी यादव, एनएसएस संयोजक डॉ. रुक्मणि प्रताप सिंह, डॉ. सरदार दिवाकर, डॉ. विजय कुमार, तकनीकी सहयोगी डॉ. सुशील मिश्रा, योगेंद्र सोनी एवं अमित चौधरी सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. माधुरी गर्ग ने किया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रगान में सहभागिता की। राष्ट्रगान के साथ खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
