मध्यप्रदेश

इंदौर में MBA छात्रा से सरेराह छेड़छाड़, विरोध करने पर पिता से मारपीट; एक आरोपी पकड़ा गया

गीतांजलि हॉस्पिटल के बाहर बाइक सवार तीन युवकों पर MBA छात्रा से कथित छेड़छाड़ का आरोप है। युवती के पिता ने जब आरोपियों का पीछा किया तो उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है और तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंदौर। शहर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक MBA छात्रा के साथ कथित तौर पर सरेराह छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि गीतांजलि हॉस्पिटल के बाहर बाइक सवार तीन युवकों ने युवती पर आपत्तिजनक कमेंट किए और उसके साथ अभद्रता की। युवती के विरोध करने पर आरोपी वहां से चले गए। बाद में युवती के पिता ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।

हॉस्पिटल के बाहर खड़ी थी युवती

पुलिस के अनुसार घटना रविवार शाम करीब साढ़े 6 बजे की बताई जा रही है। MBA की पढ़ाई कर रही युवती किसी काम से गीतांजलि हॉस्पिटल के पास पहुंची थी। वह कुछ सामान भूल गई थी, जिसके बाद उसने अपने पिता को वहां बुलाया था।

इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और युवती पर कथित तौर पर कमेंट करने लगे। युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ शुरू कर दी।

पिता के पहुंचने से पहले आरोपी हुए फरार

युवती के मुताबिक, उसने आरोपियों का विरोध किया और इसी दौरान उसके पिता भी मौके पर पहुंच गए। पिता को देखते ही आरोपी वहां से निकल गए। युवती ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद पिता ने एरोड्रम रोड पर आरोपियों का पीछा किया। भीड़भाड़ वाले इलाके में जब आरोपियों को रोकने की कोशिश की गई तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने युवती के पिता के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी।

लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

मारपीट और शोर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ ने घेरकर एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

एरोड्रम पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Back to top button