कटनी पुलिस में पदोन्नति का सम्मान, एसपी ने अधिकारियों के कंधों पर लगाए सितारे,कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
कटनी पुलिस में पदोन्नति का सम्मान, एसपी ने अधिकारियों के कंधों पर लगाए सितारे,कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने मंगलवार को पुलिस विभाग में पदोन्नत अधिकारियों का सम्मान करते हुए उनके कंधों पर नए पद के सितारे लगाए और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मानित होने वालों में सूबेदार अंजू लकड़ा, सूबेदार संजीव रावत, सूबेदार उमेश दुबे, स्टेनो रमेश विश्वकर्मा, उप निरीक्षक (फिंगरप्रिंट) अखिलेश प्यासी तथा प्रधान आरक्षक (कम्प्यूटर) लवकुश पटेल शामिल रहे।
इस अवसर पर कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा को उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति मिलने पर भी विशेष रूप से बधाई दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जिम्मेदारी और कार्यकुशलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन कर विभाग का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी सभी अधिकारी अपनी निष्ठा और समर्पण से पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा तथा रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








