Site icon Yashbharat.com

बरही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना, राहुल गांधी पर तीखे प्रहार — बोले, दुनिया भारत की सराहना कर रही, कांग्रेस अफवाह फैला रही

IMG 20260314 WA0027 scaled

कटनी/बरही। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन एवं कृषि महोत्सव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व भारत की ताकत और नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को देश की उपलब्धियां देख कर तकलीफ हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है और कठिन वैश्विक परिस्थितियों में भी देश ने मजबूती से अपनी भूमिका निभाई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया भारत के निर्णयों और नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है, तब कांग्रेस के कुछ नेता विदेशों में जाकर अपने ही देश की आलोचना करते हैं।
उन्होंने कहा, “दुनिया भर में घूम-घूमकर अपने देश की बुराई करने वाले नेताओं से क्या अपेक्षा की जा सकती है। जब देश संकट से निकलकर मजबूत होकर खड़ा हो रहा है, तब कांग्रेस केवल सोशल मीडिया की पार्टी बनकर रह गई है और जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है।”

विकास को लेकर कांग्रेस पर हमला

मुख्यमंत्री ने विजयराघवगढ़ क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि जो काम कांग्रेस 55 साल के शासन में नहीं कर पाई, वह काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने एक दशक में कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि सड़कों, सिंचाई, शिक्षा, जल संरक्षण और किसानों के लिए योजनाओं के माध्यम से प्रदेश का तेजी से विकास हुआ है और आने वाले समय में यह गति और तेज होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयराघवगढ़ विधानसभा में जिन विकास कार्यों की घोषणा की गई है, वे इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विधायक संजय पाठक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और सरकार हर मांग को सकारात्मक रूप से देख रही है।

लाड़ली बहना योजना पर कांग्रेस को जवाब

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कहा था कि यह योजना केवल चुनाव तक चलेगी, लेकिन आज तीन वर्ष बीत चुके हैं और हजारों करोड़ रुपये प्रदेश की बहनों के खातों में पहुंच चुके हैं।
उन्होंने कहा कि यह योजना आगे भी लगातार चलती रहेगी और महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

स्कूली बच्चों को मुफ्त दूध देने की घोषणा

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने शिक्षा और पोषण को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क दूध उपलब्ध कराने की योजना शुरू की जाएगी, ताकि बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर हो और कुपोषण को समाप्त किया जा सके।

मंच पर मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह, खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय पाण्डेय, बड़वारा विधायक धीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मंच पर उपस्थित रहे।
भारी जनसमूह की उपस्थिति और मुख्यमंत्री के तीखे राजनीतिक भाषण ने बरही का यह किसान सम्मेलन राजनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण बना दिया।

Exit mobile version