Wednesday, May 13, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेश

ऐतिहासिक जीत में भाजपा मण्डल अध्यक्षों की अहम भूमिका, संगठन ने पार की परिश्रम की पराकाष्ठा: संजय पाठक

कटनी। खजुराहो कटनी सहित पूरे मध्यप्रदेश में भाजपा की ऐतिहासिक जीत में मण्डल अध्यक्ष की अहम भूमिका थी।  संगठन के प्रत्येक व्यक्ति ने परिश्रम की पराकाष्ठा पार की। इन सब के साथ मण्डल अध्यक्षों ने जो कार्य जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन किया वह सचमुच काबिले तारीफ था।

आज जिला भाजपा कार्यालय में यह विचार विजयराघवगढ़ विधायक तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बीजेपी न्यू ज्वाइनिंग अभियान के प्रदेश सह संयोजक संजय सत्येंद्र पाठक ने जिला पदाधिकारी बैठक के दौरान व्यक्त किये। उन्होनें कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश का संगठन वीडी शर्मा के नेतृत्व में जिस ऊर्जा के साथ चुनाव में लगा उससे हम प्रदेश की पूरी 29 सीटें जीतने में कामयाब रहे। इसके लिए सभी कार्यकर्ता पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।

कार्यालय में जिला भाजपा पदाधिकारी मण्डल अध्यक्ष मोर्चा अध्यक्ष गणों की कामकाजी बैठक को सम्बोधित करते भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में तीनों विधानसभा में हमारे कार्यकर्ताओं ने जो मेहनत की उससे परिणाम चारों विधानसभा में भाजपा की बड़े अंतर से जीत तय हुई जो पिछले बार से अधिक थी। यह हम सभी के लिए अत्यंत गौरव की बात है। निःसन्देह इस विजय से हम सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ा वरन लोकप्रिय सांसद तथा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को शानदार विजय के साथ अपने लोकसभा क्षेत्र के संगठन के लिए गौरव प्राप्त हुआ। बैठक को लोकसभा के सह संयोजक तथा पूर्व जिला अध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने भी सम्बोधित किया।

जिला अध्यक्ष श्री टण्डन ने आगामी संगठन कार्यक्रमों तथा आभार यात्रा के सम्बंध में जानकारी दी साथ ही बताया कि जल्द ही सांसद विष्णुदत्त शर्मा जिले की सभी विधानसभा में पहुंच कर जनता जनार्दन का आभार व्यक्त करेंगे। आगामी कार्यक्रमों हेतु जिला स्तर पर टोली का भी गठन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मण्डल अध्यक्षगण मोर्चा अध्यक्ष की उपस्थिति रही।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुनील उपाध्याय तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष चेतन हिंदुजा ने किया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम