छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रनगर के पास रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खजुराहो रेलवे स्टेशन से पन्ना जा रही प्राची यात्री बस तेज रफ्तार और ओवरलोड होने के कारण अनियंत्रित होकर चंद्रनगर नहर के समीप पलट गई। हादसे के समय बस में लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बमीठा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
गड्ढे में फंसते ही बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक वाहन को तेज गति से चला रहा था। चंद्रनगर नहर के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बस का पहिया फंस गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
35 यात्री घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
इस दुर्घटना में करीब 30 से 35 यात्री घायल हुए हैं। चार एंबुलेंस की सहायता से लगभग एक दर्जन गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अन्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार की जांच
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस के ओवरलोड और तेज रफ्तार से चलने की बात सामने आ रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

