Site icon YASHBHARAT.COM

एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम: चेन्नई से दिल्ली आकर महिला इन्फ्लुएंसर के घर में घुसने की कोशिश कर रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या

दिल्ली आदर्श नगर के होटल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, सब-इंस्पेक्टर पर दो महिलाओं को थप्पड़ मारने का आरोप, CCTV वायरल

दिल्ली आदर्श नगर के होटल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, सब-इंस्पेक्टर पर दो महिलाओं को थप्पड़ मारने का आरोप, CCTV वायरल

एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम: चेन्नई से दिल्ली आकर महिला इन्फ्लुएंसर के घर में घुसने की कोशिश कर रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या, पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके की घटना; युवती के सोशल मीडिया पर हैं 29 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर, पुलिस ने पिता और एक पड़ोसी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर बनी पहचान और फिर एकतरफा प्यार के जुनून में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। चेन्नई से पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में रहने वाली एक महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने पहुंचे युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि युवक इन्फ्लुएंसर के घर में जबरन घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी युवती के परिजनों और पड़ोसियों ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा। मामले में पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर युवती के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।

चेन्नई से दिल्ली खींच लाया एकतरफा प्यार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक युवक चेन्नई की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सोशल मीडिया के माध्यम से उसका परिचय दिल्ली की इस युवती से हुआ था, जिसके विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर 29 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। युवक नियमित रूप से युवती के वीडियो देखता था और धीरे-धीरे उसे एकतरफा प्यार हो गया। इसी चाहत में वह 7 नवंबर को चेन्नई से सीधे पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित युवती के घर पहुंच गया।

घर में घुसने की कोशिश के बाद हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि जब युवक ने युवती के घर में घुसने का प्रयास किया, तो वहां हंगामा खड़ा हो गया। इसके बाद युवती के पिता और कुछ पड़ोसियों ने युवक को दबोच लिया और उसकी लात-घूंसों व डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस हमले में युवक को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही अधमरा हो गया।

तीन अस्पतालों में चला इलाज, नहीं बच सकी जान

गंभीर रूप से घायल युवक को सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से नाजुक हालत देखते हुए उसे गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां भी सुधार न होने पर उसे एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

CCTV खंगाल रही पुलिस, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मधु विहार थाना पुलिस ने इस संबंध में गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में युवती के भाई और कुछ अन्य स्थानीय लोगों के भी मारपीट में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके।

Exit mobile version