कैदियों के 34 में से 31 पत्रों पर कार्रवाई न होने पर हाई कोर्ट सख्त, DGP की भूमिका पर उठाए सवाल
ग्वालियर। कैदियों द्वारा भेजे गए 34 पत्रों में से 31 पर कार्रवाई नहीं होने के मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने रामजीत उर्फ रामजीलाल एवं अन्य की आपराधिक अपील पर सुनवाई करते हुए टिप्पणी की कि सही तथ्यों की जानकारी होने के बावजूद डीजीपी ऐसे अधिकारियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार का सम्मान नहीं है। कोर्ट ने आदेश की प्रति मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश भी दिए हैं।
सुनवाई में सामने आईं अहम बातें
रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) के रिकॉर्ड में कैदियों के सभी 34 रिक्विजिशन दर्ज थे, लेकिन केवल तीन पर ही जवाब दिया गया; इसके बावजूद डीजीपी की ओर से पेश टिप्पणियों में पुलिस विभाग की उदासीनता से इन्कार किया गया।
सुनवाई के दौरान एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि आरआई रणजीत सिंह सिकरवार और एक आरक्षक को निलंबित किया गया है तथा विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबन वापस नहीं लिया जाएगा, जिसे कोर्ट ने रिकॉर्ड पर लिया।
डीजीपी की टिप्पणियां 16 नवंबर को दिखाए जाने के बावजूद 23 नवंबर को दाखिल करने और अनुपालन रिपोर्ट समय पर पेश न होने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई।
अनुमति में बदलाव करने पर स्थानापन्न रीडर मोहम्मद साबिर को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है, जबकि मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी।













