Heatwave Alert: अप्रैल में ही 43°C पार, लू से बेहाल लोग, तेज धूप ने बढ़ाई परेशानी, बाजारों में कम हुई भीड़
Heatwave Alert: अप्रैल में ही 43°C पार, लू से बेहाल लोग, तेज धूप ने बढ़ाई परेशानी, बाजारों में कम हुई भीड़ अप्रैल माह में ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने शहरवासियों को दिनभर परेशान किया। हालात ऐसे रहे कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
मौसम विभाग के अनुसार दिनभर गर्म हवाओं का असर बना रहा। सुबह 9 बजे के बाद ही लू जैसे हालात शुरू हो गए, जो दोपहर 2 बजे के बाद और तेज हो गए। आर्द्रता 27 प्रतिशत रही और हवाएं करीब 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे गर्मी और ज्यादा महसूस हुई।
गर्मी का सबसे ज्यादा असर दोपहिया वाहन चालकों पर पड़ा। बिना चेहरे को ढके बाहर निकलना मुश्किल हो गया। लोग सिर और मुंह को कपड़े से ढककर ही घर से बाहर निकले। बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ काफी कम दिखाई दी और कई जगह सन्नाटा पसरा रहा।
इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया था, लेकिन शनिवार को पारा और बढ़ गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, जिससे लोगों को और सतर्क रहने की जरूरत है।