FEATURED

आगरा में गर्मी का तांडव: पारा 44.5 डिग्री पार, लू से सेल्स मैनेजर की मौत; 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

विशेष संवाददाता, आगरा। आगरा में गर्मी का तांडव: पारा 44.5 डिग्री पार, लू से सेल्स मैनेजर की मौत; 12वीं तक के सभी स्कूल बंद।उत्तर प्रदेश में सूर्यदेव का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। ताजनगरी आगरा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा अगले 24 घंटों के लिए जारी की गई भीषण लू (Heatwave) की चेतावनी के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।

आगरा में गर्मी का तांडव: पारा 44.5 डिग्री पार, लू से सेल्स मैनेजर की मौत; 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

जिलाधिकारी का बड़ा फैसला, स्कूल बंद

बढ़ते तापमान और जानलेवा गर्मी को देखते हुए आगरा के जिला अधिकारी (DM) मनीष बंसल ने मंगलवार को एक बड़ा आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, जिले के नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को आगामी आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है ताकि बच्चों को इस भीषण तपन से बचाया जा सके।

बस के इंतजार में बैठे सेल्स मैनेजर की मौत

गर्मी का प्रकोप इस कदर जानलेवा हो चुका है कि इसने एक व्यक्ति की जान ले ली है। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र अंतर्गत कुबेरपुर कट पर सोमवार दोपहर भीषण गर्मी के कारण कानपुर निवासी 36 वर्षीय विनोद कुमार शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार शर्मा अजमेर की एक मसाला फैक्ट्री में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार को वे अजमेर से अपने घर कानपुर जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वे कुबेरपुर कट पर बस से उतरे और कानपुर की अगली बस का इंतजार कर रहे थे, तभी गर्मी से बेहाल होकर एक खोखे (दुकान) के पास तख्त पर आराम करने बैठ गए। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम गृह पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम न कराने का निर्णय लिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

DM की अपील: दोपहर में बाहर निकलने से बचें

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आम जनता से अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन में कहा गया है:

  • बीमार व्यक्ति, बुजुर्ग और बच्चे दोपहर से लेकर शाम 4 बजे तक बहुत जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें।

  • अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए शरीर में पानी की कमी न होने दें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें।

  • बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर को ढककर रखें।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं, इसलिए नागरिकों को खुद का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि