
कटनी: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान से स्वास्थ्य सेवाओं को मिला संबल, विधायक संजय पाठक 60 टीबी मरीजों को 6 माह तक देंगे फूड बास्केट
कटनी: मध्य प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विजयराघवगढ़ विधानसभा के ग्राम खितौली में आयोजित शिविर न केवल शासकीय योजनाओं की समीक्षा का केंद्र बना, बल्कि मानवीय संवेदना और जनसहभागिता की अनूठी मिसाल भी पेश की। शिविर में क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक और कलेक्टर आशीष तिवारी ने उपचाररत टीबी मरीजों को पोषण आहार के रूप में फूड बास्केट का वितरण किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ को मजबूती देने के लिए जिले में ‘नि-क्षय मित्र’ बनने की श्रृंखला चलाई जा रही है। कलेक्टर आशीष तिवारी की इस अभिनव पहल से प्रेरित होकर विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने खितौली क्षेत्र के 60 टीबी मरीजों को आगामी 6 महीनों तक लगातार फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।
इलाज के साथ-साथ पोषण पर विशेष जोर
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों एवं मरीजों को टीबी बीमारी से बचाव और इसके नियमित इलाज के साथ-साथ पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी।
-
पोषण का संबल: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राज सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम और 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान की प्रगति रिपोर्ट साझा की। उन्होंने बताया कि जिले में टीबी मरीजों की समय पर पहचान, जांच, निःशुल्क दवाइयां और पोषण सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
-
जनसमस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान: जनविश्वास शिविर में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वन मंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत CEO सुश्री हरसिमरन प्रीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








