हरिद्वार कुंभ मेला-2027: CM पुष्कर सिंह धामी ने लॉन्च किया आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और ‘कुंभ का पर्व आ गया’ स्पेशल सॉन्ग
उत्तराखंड की पावन धरा पर आयोजित होने जा रहे ‘हरिद्वार कुंभ मेला-2027′ की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक भव्यता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए राज्य सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन (CCR) सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो (Logo), वेबसाइट और थीम सॉन्ग का भव्य लोकार्पण किया।
सनातन संस्कृति और आस्था का विराट उत्सव है कुंभ
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जन-आस्था का सबसे बड़ा उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ 2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, दिव्य और भव्य बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह आधिकारिक लोगो, पोर्टल और गीत देश-दुनिया के श्रद्धालुओं को कुंभ से सीधे जोड़ने का काम करेंगे। हरिद्वार कुंभ मेला-2027: CM पुष्कर सिंह धामी ने लॉन्च किया आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और ‘कुंभ का पर्व आ गया’ स्पेशल सॉन्ग
लोगो में समाहित हरिद्वार की पौराणिक विरासत
हरिद्वार कुंभ-2027 का नया लोगो हरिद्वार की धार्मिक पहचान और गंगा मैया के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है:
-
प्रतीक चिन्ह: लोगो में मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, उदित सूर्य, भगवान शिव की भव्य प्रतिमा, साधु-संतों, सनातन के प्रतीक त्रिशूल व डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को खूबसूरती से उकेरा गया है।
-
लोकल टैलेंट का सम्मान: मेला प्रशासन द्वारा आमंत्रित प्रविष्टियों में से जगजीतपुर (हरिद्वार) निवासी मधु शर्मा द्वारा बनाए गए सर्वश्रेष्ठ डिजाइन का चयन कर इस लोगो को अंतिम रूप दिया गया।
डिजिटल पोर्टल और ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत
-
आधिकारिक वेबसाइट: श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्रामाणिक जानकारी देने के लिए आधिकारिक पोर्टल haridwarkumbh.uk.gov.in लॉन्च किया गया है, जिसके जरिए दुनिया के किसी भी कोने से कुंभ की तिथियों और तैयारियों की जानकारी मिल सकेगी।
-
आधिकारिक गीत: समारोह का मुख्य आकर्षण ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ गीत रहा। इस दिव्य गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार के प्रसिद्ध गायक राघव राजा ने तैयार किया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, पूर्व मदन कौशिक समेत मेलाधिकारी सोनिका, डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत भुल्लर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

