अशोक कॉलोनी में दवा व्यवसायी के सूने मकान में लाखों की चोरी,बाउंड्री कूदकर घुसे आधा दर्जन बदमाश, अलमारी तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े पुलिस गस्त पर उठे सवालिया निशान
अशोक कॉलोनी में दवा व्यवसायी के सूने मकान में लाखों की चोरी,बाउंड्री कूदकर घुसे आधा दर्जन बदमाश, अलमारी तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े पुलिस गस्त पर उठे सवालिया निशान
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र की खिरहनी चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित शहर की पॉश अशोक कॉलोनी में चोरों ने एक दवा व्यवसायी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। वारदात शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दवा व्यवसायी पंकज शर्मा अपने पुत्र का एडमिशन कराने के लिए पत्नी और पुत्र के साथ बुधवार को मकान में ताला लगाकर पुणे गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने मौका पाकर मकान की बाउंड्री कूदकर अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर कमरों की तलाशी ली और अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ली। बदमाश करीब दो घंटे तक घर में रहे और वारदात को अंजाम देने के बाद बाउंड्री कूदकर फरार हो गए।
पौधों में पानी देने पहुंची युवती तो खुला चोरी का राज
वारदात का पता शनिवार सुबह उस समय चला, जब पंकज शर्मा ने घर पर काम करने वाली युवती को फोन कर पौधों में पानी डालने के लिए भेजा। युवती घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर उसने तत्काल पंकज शर्मा को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए सामान और नकदी की वास्तविक कीमत तथा कौन-कौन से जेवर चोरी हुए हैं, इसकी जानकारी दवा व्यवसायी के पुणे से लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुटी है।








