प्याज की बढ़ती कीमतों पर सरकार का बड़ा एक्शन: दिल्ली में आज से ₹35 प्रति किलो मिलेगा प्याज, ‘कांदा एक्सप्रेस’ ला रही 450 टन की खेप

65657ad85189d onion subsidy 282959306 16x9 1

प्याज की बढ़ती कीमतों पर सरकार का बड़ा एक्शन: दिल्ली में आज से ₹35 प्रति किलो मिलेगा प्याज, ‘कांदा एक्सप्रेस’ ला रही 450 टन की खेप

त्योहारी सीजन में प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान आम जनता के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में प्याज की कोई कमी नहीं है और बफर स्टॉक से आपूर्ति शुरू कर दी गई है। जहां बुधवार को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत ₹46.74 प्रति किलो रही, वहीं अब दिल्ली में लोगों को रियायती दर पर ₹35 प्रति किलो प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।

नासिक से आ रही ‘कांदा एक्सप्रेस’

दिल्ली में मांग और आपूर्ति को संतुलित करने के लिए महाराष्ट्र के लासलगांव से 21 बोगियों वाली विशेष मालगाड़ी ‘कांदा एक्सप्रेस’ रवाना की गई है।

  • खेप: लगभग 450 मीट्रिक टन प्याज।

  • डेस्टिनेशन: दिल्ली का आदर्श नगर रेलवे स्टेशन।

दिल्ली में कहां मिलेगा ₹35 किलो प्याज?

सरकार NCCF, NAFED, सफाल और केंद्रीय भंडार के जरिए ₹35/किलो में खुदरा बिक्री कर रही है:

  • NCCF: 90 रिटेल आउटलेट और 40 मोबाइल वैन।

  • NAFED: 13 रिटेल आउटलेट और 50 मोबाइल वैन।

  • केंद्रीय भंडार: दिल्ली के करीब 100 आउटलेट।

अन्य शहरों में भी भेजी जा रही सप्लाई

दिल्ली के अलावा देश के प्रमुख शहरों जैसे लखनऊ, वाराणसी, पटना, कोलकाता, चेन्नई, गुवाहाटी, एर्नाकुलम, चंडीगढ़, जम्मू और अमृतसर में भी बफर स्टॉक से प्याज भेजा जा रहा है।

सरकार के अनुसार वर्ष 2025-26 में देश में लगभग 307.37 लाख टन प्याज उत्पादन का अनुमान है, और वर्तमान में सरकार के पास 1.21 लाख टन का बफर स्टॉक सुरक्षित है।