खम्हरिया नं. 1 में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजन एवं गौ माता पूजन, यदुवंशियों ने निकाली भव्य दीवाली नृत्य यात्रा
खुरदेव बाबा और गौरैया बाबा की पूजा-अर्चना कर ग्रामवासियों ने की सुख-समृद्धि की कामना, ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके ग्वाल-बाल, जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
कटनी(YASHBHARAT.COM)। दीपावली पर्व के अवसर पर कटनी जिले के रीठी विकासखंड अंतर्गत ग्राम खम्हरिया नं. 1 में समस्त यादव समाज द्वारा सनातन संस्कृति और वर्षों पुरानी परंपराओं का निर्वहन करते हुए गोवर्धन पूजा, गौ माता पूजन एवं पारंपरिक दीवाली नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्साह, उल्लास और धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला। ग्रामवासियों ने विधि-विधान से खुरदेव बाबा, गौरैया बाबा सहित ग्राम के प्रमुख देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ग्राम में दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस से ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हो जाती है। कार्तिक अमावस्या की रात्रि में दीपदान करने के बाद ग्रामवासी एकत्रित होकर पवित्र मावरी एवं गौ माता की पूंछ के बालों से बनी रस्सी को दंड में बांधकर तैयार की गई छाहुर का पूजन करते हैं। इसके साथ ही रात्रि में ग्राम के देवी-देवताओं के स्थानों पर पूजा-अर्चना कर पूरे गांव को जागृत करने की प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया जाता है।
दीपावली के अगले दिन प्रतिपदा पर ग्राम के खेरापति खुरदेव बाबा, गौरैया बाबा एवं अन्य प्रमुख देवी-देवताओं का सामूहिक पूजन किया गया। इस दौरान ग्रामवासियों ने एक-दूसरे को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात गांव की सभी गौ माताओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। गौ माता को बिचकाने की यह अनूठी परंपरा आयोजन का विशेष आकर्षण रही। साथ ही ग्राम खम्हरिया नं. 1 में आयोजित यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना बल्कि इसने नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता से जोड़ने का भी संदेश दिया।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकली भव्य दीवाली नृत्य यात्रा
पूजन कार्यक्रम के बाद ग्वाल-बाल पारंपरिक दीवाली नृत्य की विशेष वेशभूषा और आकर्षक साज-सज्जा के साथ ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए गांव के प्रमुख मार्गों से निकले। यह भव्य जुलूस बाबा हरिदास के बंगले पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां सभी ने सामूहिक रूप से पारंपरिक दीवाली नृत्य का आनंद लिया।
इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे। जुलूस में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। ढोल-नगाड़ों की गूंज, तालियों की थाप और ‘जय श्रीकृष्ण’, ‘राधे-राधे’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो खम्हरिया नं. 1 की धरती पर वृंदावन धाम साकार हो गया हो।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में श्री रामभगत यादव, मारू लाल यादव, अर्जुन यादव, अमृत लाल यादव, गजराज यादव, विशाली यादव, प्रहलाद यादव, रामदास यादव, कमलेश यादव, निर्भय यादव, रघुनंदन यादव, मूलचंद यादव, मुन्ना विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा, त्रिलोक यादव, ज्ञानचंद यादव, ऊदल यादव, राकेश यादव, शरद यादव, पुरुषोत्तम यादव, कन्हैया यादव, पप्पू यादव एवं राहुल यादव (पंडा) सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

