Geological Programming Board meeting In MP: मध्य प्रदेश में पहली बार खनन माफिया पर लगाम लगाने राष्ट्रीय बैठक का आयोजन
Geological Programming Board meeting In MP: मध्य प्रदेश में पहली बार खनन माफिया पर लगाम लगाने राष्ट्रीय बैठक का आयोजन किया जा रहा है। 22 और 23 जनवरी को भोपाल में दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक रखी गई है। जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया (जीएसआइ) की 63वीं सेंट्रल जियोलाजिकल प्रोग्रामिंग बोर्ड की बैठक पहली बार मध्य प्रदेश में हो रही है।
100 से अधिक एक्सपर्ट शामिल
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में होने वाली बैठक में जीएसआइ के 100 से अधिक एक्सपर्ट शामिल होंगे। जीएसआइ द्वारा जिन नए खनन ब्लाक की रिपोर्ट बना ली गई है वो सबंधित राज्य सरकारों को दी जाएगी। नए ब्लाक्स ढूंढने के लिए एक्सप्लोरेशन, बढ़ाने सहित तकनीकी पक्षों पर जीएसआइ के प्रस्तुतीकरण होंगे।
वैध खनन बढ़ाने, अवैध खनन रोकने क्या प्रयास हुए आदि पर प्रदर्शनी
खनन से राजस्व बढ़ाने किस राज्य में क्या नवाचार हुआ, वैध खनन बढ़ाने, अवैध खनन रोकने क्या प्रयास हुए आदि पर प्रदर्शनी भी लगेगी। बैठक में साल 2023 की खनन गतिविधियों की रिपोर्ट भी रखी जाएगी। साथ ही साल 2024 में किस तरह से देश में खनन गतिविधियां संचालित होंगी, इसका रोडमैप भी बनेगा। 22 जनवरी के तकनीकी सत्रों में जीएसआइ के अलावा राज्य सरकारों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू), केंद्र की एजेंसियों के अधिकारी शामिल होंगे।
राज्यों में खनन क्षेत्र में चल रही बेस्ट प्रैक्टिसेज पर प्रस्तुतीकरण
बैठक में 23 जनवरी को मिनिस्टर कान्क्लेव में सभी राज्यों के खनन मंत्री और प्रमुख सचिव (खनन) हिस्सा लेंगे। इस बैठक में मध्य प्रदेश सहित राज्यों में खनन क्षेत्र में चल रही बेस्ट प्रैक्टिसेज पर प्रस्तुतीकरण होंगे। खनन क्षेत्र की चुनौतियों और जरूरतों को लेकर भी बात होगी। मध्य प्रदेश कैडर के आइएएस अधिकारी और केंद्रीय खनन सचिव वीएल कांताराव भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

