सुधा स्मृति स्कूल में गरबा महोत्सव की धूम, मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में सजे नन्हे बच्चे,मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, तहसीलदार आदित्य द्विवेदी ने की विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहन
कटनी/बरही। जिले की बरही तहसील अंतर्गत ग्राम करौंदी खुर्द स्थित सुधा स्मृति स्कूल में शुक्रवार को गरबा महोत्सव उत्साह और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों की छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरही तहसीलदार आदित्य द्विवेदी रहे। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बड़वारा सुधा घनश्याम जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, विद्यालय के प्राचार्य आर.के. ऊरमलिया, विद्यालय संचालक रमाकांत मिश्रा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनमोहक झलक रही। नन्हे-मुन्ने बच्चे देवी के विभिन्न स्वरूपों की वेशभूषा में सजे नजर आए। विद्यार्थियों ने “वीणा वादिनि मैं तेरी वंदना करूं” तथा भोजपुरी गीत “माई डोली चढ़ी चली सेवक घरवा” पर शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी को भावविभोर कर दिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक गरबा नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन में चार चांद लगा दिए।
मुख्य अतिथि तहसीलदार आदित्य द्विवेदी सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और कलात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में पी.एल. ऊरमलिया, जिला ब्राह्मण समाज कटनी के जिला संगठन मंत्री प्रवीण त्रिवेदी डब्बू, संतोष द्विवेदी, अधिवक्ता बी.डी. अवस्थी, अरविंद तिवारी, नवल चतुर्वेदी, विवेक तिवारी, नंदकिशोर गुप्ता, बीरेन्द्र जायसवाल, ललित निरंजन दुबे सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गरबा महोत्सव ने धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।












