खंडहर मकान में बंधक बना कर नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, अमकुही की पहाड़ियों में वारदात

कटनी(YASH BHARAT.COM)। शहर सीमा से लगे अमकुही पहाड़ी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ दो आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे रातभर बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बताया जाता है कि घटना के समय पीड़िता अपने दोस्तों के साथ अमकुही की पहाड़ी पर घूमने गई थी। इसी दौरान दो आरोपियों ने वहाँ पहुँचकर उसके साथी युवक के साथ मारपीट की और उसे भगा दिया।
इसके बाद आरोपी नाबालिग को खींचकर पास के एक खंडहरनुमा मकान में ले गए। वहाँ उन्होंने रातभर उसे बंधक बनाए रखा और उसके साथ गलत काम किया। सुबह करीब 5 बजे पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर निकली और पुलिस तक पहुँची। उधर रंगनाथनगर और माधवनगर पुलिस ने रातभर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।
फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।








