G20 Shikhar Sammelan: अफ्रीकन यूनियन को मिली स्थायी सदस्यता, देखिए। आज पूरी दुनिया की नजर भारत पर है। नई दिल्ली में G-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। 9 सितंबर, शनिवार आयोजन का पहला दिन है। 10 सितंबर को समापन होगा।
दुनिया के लगभग सभी बड़े नेता दिल्ली पहुंच चुके है। आयोजन भारत मंडपम में हो रहा है। जी-20 में हिस्सा लेने वाले प्रमुख राष्ट्राध्यक्षों में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक, इटली के प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बटों फर्नांडीज प्रमुख हैं।
रात्रिभोज से जुड़े बड़े अपडेट
- जी-20 में पधारे सभी राष्ट्र प्रमुखों और मेहमानों को राष्ट्रपति की ओर से आज रात डिनर पर आमंत्रित किया गया है। ताजा खबर है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और एचडी देवगौड़ा स्वास्थ्य कारणों से इसमें शामिल नहीं होंगे।
- रात्रिभोज में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना से दिल्ली रवाना हो गए हैं।
- विरोध स्वरूप किसी भी कांग्रेस शासित राज्य का मुख्यमंत्री रात्रिभोज में शामिल नहीं होगा।
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
- 21वीं सदी का ये समय पूरी दुनिया को नई दिशा दिखाने वाला और नई दिशा देने वाला एक महत्त्वपूर्ण समय है।
- ये वो समय है जब वर्षों पुरानी चुनौतियां हमसे नए समाधान मांग रही हैं।
- इसलिए हमें Human Centric Approach के साथ अपने हर दायित्व को निभाते हुए ही आगे बढ़ना है।
जी-20 बना जी-21
भारत की पहल पर अफ्रीकन यूनियन को भी जी-20 में शामिल कर लिया गया है। इसके साथ ही जी-20 अब जी-21 हो गया है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान इसका एलान किया और अफ्रीकन यूनियन के प्रतिनिधि को गले लगकर बधाई दी।
पीएम मोदी का संबोधन जारी
पीएम मोदी ने मेहमानों का स्वागत किया, जिसके बाद उनका संबोधन हुआ। पीएम मोदी ने संबोधन की शुरुआत मोरक्को में आए भीषण भूकंप से की। पीएम मोदी ने संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की।
सभी राष्ट्र प्रमुख पहुंचे
सभी राष्ट्रप्रमुख और विशेष रूप से आमंत्रित मेहमान आयोजन स्थल पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी ने सबका गर्मजोशी से स्वागत किया। अब ग्रुप फोटो होगा। फिर पीएम मोदी अध्यक्षीय भाषण देंगे। इसके साथ ही जी-20 समिट के पहले सत्र की शुरुआत हो जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति भी पहुंचे
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन भी भारत मंडपम पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी ने औपचारिक स्वागत किया। थोड़ी देर में ग्रुप फोटो होगा और पीएम मोदी के भाषण के साथ जी-20 समिट की शुरुआत होगी।
