कॉलेज चलो अभियान का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न

कॉलेज चलो अभियान का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्

कटनी-उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सत्र 2026-27 हेतु चलाए जा रहे “कॉलेज चलो अभियान” के प्रथम चरण में दिनांक 12 दिसंबर 2025 को शासकीय कन्या महाविद्यालय के दल ने जिले के दो प्रमुख शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय — घुघरा एवं बिलहरी — का भ्रमण किया। यह अभियान शासकीय कन्या महाविद्यालय महाविद्यालय कटनी की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान दल में कॉलेज चलो अभियान के प्रवेश नोडल अधिकारी के.जे. सिन्हा के नेतृत्व में भीम बर्मन, प्रेमलाल कांवरे, डॉ. फूलचंद कोरी,डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. मदन सिंह मरावी तथा श्री इमरान मोहम्मद शामिल रहे। दल का मुख्य उद्देश्य कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें महाविद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया से अवगत कराना था।
दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों को ई-प्रवेश पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई तथा ऑनलाइन केंद्र जाने से पूर्व आवश्यक दस्तावेजों (आधार कार्ड, मार्कशीट, जाति/आय प्रमाण-पत्र आदि) की सूची तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय में संचालित स्नातक स्तर के कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं गृह विज्ञान संकाय के विभिन्न विषयों एवं पाठ्यक्रमों की पूरी जानकारी दी गई। साथ ही एन.एस.एस., एन.सी.सी., समृद्ध पुस्तकालय, विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ तथा खेलकूद सुविधाओं से संबंधित महत्त्वपूर्ण बिंदु विद्यार्थियों के समक्ष रखे गए।
मध्यप्रदेश शासन द्वारा छात्र-छात्राओं को दी जाने वाली विभिन्न छात्रवृत्तियों, प्रोत्साहन राशि तथा अन्य सुविधाओं की पात्रता एवं शर्तों की भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, हॉस्टल सुविधा एवं भावी करियर विकल्पों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका दल के सदस्यों ने धैर्यपूर्वक समाधान किया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घुघरा के प्राचार्य  आर.एस. उके तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलहरी की प्राचार्य  रेखा तिवारी एवं उनके स्टाफ ने अभियान दल को पूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा।
इस अभियान से सैकड़ों विद्यार्थी उच्च शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए उत्साहित हुए। महाविद्यालय प्रशासन ने आगामी चरणों में और अधिक विद्यालयों को जोड़ने की योजना बनाई है ताकि कोई भी मेधावी विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।

Exit mobile version