Facebook पर Live करते सबको सुनाई प्रेम कहानी और लगा ली फांसी
अलवर। अलवर जिले के बहरोड़ में एक शख्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीमिंग करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 20 साल के निर्मल कुमावत के रूप में हुई है, जिसने आत्महत्या कर प्रेमिका को अपने प्यार की गहराई बताने के लिए यह सब किया।
पुलिस ने कहा कि वह दुखी था और प्रेमिका के धोखा देने से पूरी तरह से आहत था। सीलिंग से खुद को फांसी पर लटकाने से पहले उसने जहर भी खाया। जिस किसी ने भी उसे लाइव यह सब करते हुए देखा, किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। उसने कहा कि उसकी प्रेमिका ने उसे कभी समझा नहीं और वह बताना चाहता है कि वह उसके लिए जान भी दे सकता है।
दो घंटे चला फेसबुक लाइव
दुखी और निराश निर्मल ने सोमवार रात को मोबाइल फोन से फेसबुक लाइव किया और सबसे पहले प्यार में धोखा खाने की बात कही और बात में टेबलेट्स खाई और फांसी लगा ली। लोगों ने यह सब लाइव देखा। उसने इस लाइव स्ट्रीमिंग को दो घंटे चलाया। उसने इस दौरान यह बताया भी कि वह आत्महत्या की कोशिश करने जा रहा है लेकिन लोग केवल कमेंट सेक्शन में दुख ही जताते रहे, सेड इमोटिकॉन भेजने लगे लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की।
मामले की सूचना बहरोड़ पुलिस को दिए जाने के बाद वे मौके पर पहुंचे और निर्मल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने घटना की जांच शुरू कर दी है।

