मूक पशुओं और वन्यजीवों की उम्मीद बन कर उभर रहा उम्मीद ग्रुप, भीषण गर्मी पीने का पानी उपलब्ध करा रही संस्था

कटनी। जिले में मूक पशुओं और वन्यजीवों के लिए उम्मीद ग्रुप नामक संस्था उम्मीद की किरण बन कर उभर रही है। उम्मीद ग्रुप के सदस्यों ने भीषण गर्मी में मूक पशुओं और वन्यजीवों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया है और बीते एक सप्ताह में बड़वारा के पठरा क्षेत्र सहित आसपास पशुओं और वन्यजीवों के लिए कई स्थानों पर पीने का पानी उपलब्ध कराया है। आपको बता दे कि उम्मीद ग्रुप एक सामाजिक सेवा से प्रेरित समूह है, जो ग्रामीण अंचल अंतर्गत ग्राम भुड़सा एवं आसपास के अन्य छोटे छोटे गांव के सक्रिय सदस्यों के सहयोग से बना है। यह अपने नाम के अनुरूप निरंतर आशा और सेवा का प्रतीक बन चुका है। समूह के सदस्यों द्वारा बीते 01 सप्ताह से पठरा के जंगलों एवं अन्य स्थानों पर वन्य जीवों और मूक पशुओं के लिए जल की व्यवस्था की जा रही है।

गर्मी के इस भीषण दौर में, जब प्राकृतिक जल स्रोत सूखते जा रहे हैं, तब जंगलों में रहने वाले वन्य जीवों के लिए पानी की कमी जीवन के लिए संकट बन रही है। ऐसे में “उम्मीद ग्रुप” के सदस्यों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए जंगलों में पानी के पात्र रखवाए हैं और नियमित रूप से उनमें पानी भरने का कार्य किया जा रहा है। यह पहल न केवल वन्यजीवों की रक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि समाज को पर्यावरण एवं पशु कल्याण के प्रति जागरूक करने वाला भी है।

समूह का उद्देश्य है – जहां उम्मीद है, वहां सेवा है

“उम्मीद ग्रुप” सभी समाजसेवी नागरिकों से अनुरोध करता है कि वे भी अपने-अपने क्षेत्रों में इस तरह की छोटी-छोटी सेवाएं कर एक बड़ा बदलाव लाने में योगदान दें।

Exit mobile version