प्रो. उर्मिला दुबे की सेवानिवृत्ति पर तिलक महाविद्यालय में भावभीनी विदाई,शैक्षणिक योगदान और आत्मीय व्यवहार को किया याद, स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की दी शुभकामनाएं
प्रो. उर्मिला दुबे की सेवानिवृत्ति पर तिलक महाविद्यालय में भावभीनी विदाई,शैक्षणिक योगदान और आत्मीय व्यवहार को किया याद, स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की दी शुभकामनाएं
कटनी- PMCOE शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी के अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक प्रो. उर्मिला दुबे के सेवानिवृत्त होने पर महाविद्यालय परिसर में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी तथा प्रो. दुबे के परिवारजन उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार वाजपेई ने प्रो. उर्मिला दुबे के शैक्षणिक योगदान एवं मानवीय व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए कहा कि महाविद्यालय में उनका सेवाकाल सहयोग, सहजता और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि प्रो. दुबे का सरल एवं सहयोगी स्वभाव विद्यार्थियों और सहकर्मियों के बीच सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपने कार्य एवं व्यवहार से महाविद्यालय की गरिमा को बढ़ाया है।
प्रो. माधुरी गर्ग ने अभिनंदन करते हुए प्रो. दुबे के महाविद्यालयीन, व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की भूमिका केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसका व्यक्तित्व आसपास के लोगों को भी प्रभावित करता है। प्रो. दुबे की सहज मुस्कान, आत्मीय व्यवहार और सभी के साथ सामंजस्य स्थापित करने की क्षमता उन्हें विशिष्ट बनाती है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है।
अंग्रेजी विभाग की प्रो. नाहिद सिद्दीकी ने प्रो. दुबे के साथ कार्यकाल की स्मृतियां साझा करते हुए उनके विभागीय सहयोग, विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता और मधुर व्यवहार की सराहना की। वहीं प्रो. जी.एम. मुस्तफा ने उनकी कार्यनिष्ठा, सरल व्यवहार एवं सकारात्मक सोच को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि महाविद्यालय से उनका औपचारिक जुड़ाव भले ही समाप्त हो रहा है, लेकिन उनकी आत्मीयता और यादें हमेशा बनी रहेंगी।
इस अवसर पर प्रो. उर्मिला दुबे के पति ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से मिले सहयोग, सम्मान और अपनत्व के लिए पूरा परिवार सदैव कृतज्ञ रहेगा।
समारोह में महाविद्यालय परिवार की ओर से प्रो. उर्मिला दुबे का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। भावुक एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुए कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घ सेवाकाल और योगदान को याद करते हुए सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।