इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन के साथ-साथ वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई. मृत हाथी के शव को रेलवे ट्रैक से हटाने में लगभग 2 घंटे का वक्त लग गया, तब तक पैसेंजर ट्रेन ऐसे ही ट्रैक पर खड़ी रही. कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से लगभग 2 घंटे की मेहनत के बाद बड़े मृत हाथी को मोटी-मोटी रस्सियों से बांधकर रेलवे ट्रैक से हटाया गया.

रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहीं ट्रेनें

इस दौरान रांची-मुरी रेलखंड से होकर गुजरने वाली हटिया इस्लामपुर एक्सप्रेस, वनांचल एक्सप्रेस और रांची बनारस एक्सप्रेस ट्रेनें अलग-अलग रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही. वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सकों के मुताबिक मृत हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. इसके बाद उसे दफन कर दिया जाएगा. इसके साथ ही हाथी की ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत के मामले में वन विभाग की टीम जांच कर रही है.

हाथी की मौत की पहली घटना नहीं

झारखंड में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आकर हाथी की मौत हो जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले अक्टूबर 2024 में झारखंड के ही लातेहार जिला में बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड अंतर्गत, चंदवा थाना क्षेत्र के केकराही गांव के पास एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई. इस घटना में मृत हाथी का बच्चा मालगाड़ी के नीचे ही फंस गया था, जिस वजह से काफी देर तक रेलवे का परिचालन प्रभावित रहा.