Site icon Yashbharat.com

ED ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में कांग्रेस नेता DK शिवकुमार को किया गिरफ्तार, समर्थकों ने किया हंगामा

dk 201993 223244 03 09 2019

नई दिल्ली। ED ने मंगलवार को कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता DK शिवकुमार को मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया। शिवकुमार मंगलवार को पूछताछ के लिए चौथी बार ED के सामने पेश हुए थे।

अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस नेता को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत थी, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हिरासत में लेकर पूछताछ करने के इरादे से ED उन्हें बुधवार को यहां की एक अदालत में पेश करेगी।

शिवकुमार 30 अगस्त को पहली बार ईडी के सामने पेश हुए थे। विमान के जरिये बेंगलुरु से दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने ED की जांच में सहयोग करने की बात कही थी।

पिछले गुरुवार को कर्नाटक हाई कोर्ट ने ED के समन को चुनौती देने वाली शिवकुमार की याचिका खारिज कर दी थी। जिसके बाद उन्हें एजेंसी के सामने पेश होना पड़ा।

जांच एजेंसी ने पिछले साल सितंबर में शिवकुमार तथा नई दिल्ली स्थित कर्नाटक भवन के एक कर्मी हनुमंथैया के खिलाफ धन शोधन का एक मामला दर्ज किया था।

शिवकुमार ने दी यह प्रतिक्रिया

हिरासत में आने के बाद शिवकुमार ने टिप्पणी करते हुए कहा है कि मैं अपने बीजेपी मित्रों को मुझे गिरफ्तार करने के अपने मिशन में सफल होने के लिए बधाई देता हूं। मेरे खिलाफ कार्यवाही राजनीति से प्रेरित हैं और मैं बीजेपी की प्रतिशोध और प्रतिशोध की राजनीति का शिकार हूं।

आरोपों से इन्कार किया था

शिवकुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इन्कार किया था और कहा था कि 2017 में गुजरात की राज्यसभा सीटों पर चुनाव केदौरान विधायकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाने के चलते राजनीतिक प्रतिशोध के तहत उन पर कार्रवाई की जा रही है।

उनकी गिरफ़तारी की खबर लगने के बाद ईडी के कार्यालय के बाहर उनके समर्थक जमा हो गए और हंगामा करने लगे।

कर्नाटक उच्च न्यायालय द्वारा अंतरिम जमानत की याचिका खारिज किए जाने के बाद शिवकुमार को वित्तीय जांच एजेंसी के सामने पेश किया गया था। शिवकुमार 2016 में नोटबंदी के बाद से ही आयकर विभाग और ईडी के रडार पर थे।

Exit mobile version