Monday, May 4, 2026
Latest:
Latest

नगर निगम की उदासीनता के कारण धूल से सन गई कचहरी चौक में स्थापित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा

कटनी(YASHBHARAT.COM)। शहर के कचहरी चौक में स्थापित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा धूल से सन गई है लेकिन नगर निगम का ध्यान प्रतिमा की सफाई की ओर नहीं जा रहा है। प्रतिदिन यहां से नगर निगम महापौर प्रीती संजीव सूरी और नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार भी गुजरती हैं लेकिन उनका भी ध्यान प्रतिमा पर जमी धूल की ओर नहीं जा रहा है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि सरकार के विरूद्ध होने वाले आंदोलन व धरना प्रदर्शन के दौरान यहां नगर निगम के द्धारा फायर वाहन भी तैनात किया जाता है। फायर वाहन की तैनाती आंदोलन व धरना प्रदर्शन के दौरान इसलिए की जाती है कि यदि आंदोलनकारी सरकार के किसी मंत्री का पुतला दहन करने वाले हैं तो फायर वाहन जलाने के पूर्व पुतले में पानी मारकर उसे गिला कर दे। आंदोलन व धरना प्रदर्शन के दौरान भी कई बार कचहरी चौक क्षेत्र के व्यापारियों ने दमकलकर्मियों से कहा कि फायर वाहन से पानी की बौछार करके महारानी लक्ष्मी बाई की प्रतिमा पर जमी धूल साफ कर दें लेकिन उनके द्धारा भी यह कहकर सफाई नहीं की जाती है कि प्रतिमा पर पानी की बौछार करने के लिए उनको ऊपर से अनुमति लेनी पड़ती है। कुल मिलाकर नगर निगम प्रशासन की उदासीनता के कारण कचहरी चौक पर स्थापित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा धूल से सन गई है। प्रतिमा पर जमीं धूल को देखकर यही लगता है कि अब जब महारानी लक्ष्मीबाई की जन्मजयंती व पुण्यतिथि आएगी, तभी यह प्रतिमा एक दिन के लिए साफ दिखेगी।

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक