अवैध उत्खनन पर जिला प्रशासन का कड़ा प्रहार, दो माह में वसूला 30 लाख का जुर्माना,कलेक्टर के निर्देश पर टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई; 50 से अधिक वाहन जब्त

अवैध उत्खनन पर जिला प्रशासन का कड़ा प्रहार, दो माह में वसूला 30 लाख का जुर्माना,कलेक्टर के निर्देश पर टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई; 50 से अधिक वाहन जब्
कटनी -जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन और परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स (JTF) ने पिछले दो महीनों में कार्रवाई का अभियान चलाकर अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। इस विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने 50 से अधिक प्रकरण दर्ज कर लगभग 30 लाख रुपये की राजस्व वसूली की है।
अवैध परिवहन और भंडारण पर शिकंजा
उपसंचालक खनिज, श्री रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जनवरी माह से अब तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक छापामार कार्रवाई की गई है। इस दौरान अवैध उत्खनन के 3 प्रकरणों में बड़ी पेनाल्टी अधिरोपित की गई है। साथ ही अवैध परिवहन करते पाए गए डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाइवा सहित 42 वाहनों पर कार्रवाई कर 22 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड वसूला गया है। अवैध भंडारण के 5 मामलों में भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए करीब 5.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
टास्क फोर्स को चौबीस घंटे निगरानी के निर्देश
हाल ही में आयोजित संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि खनिज राजस्व की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि:
नदियों के घाटों और संवेदनशील खदान क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए। खनिज ले जा रहे वाहनों के नंबर और रॉयल्टी पर्ची की सूक्ष्मता से जांच हो। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों के वाहन राजसात (Seize) करने की कार्रवाई की जाए।
प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्राथमिकता
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल राजस्व जुटाने के लिए नहीं, बल्कि जिले के प्राकृतिक संसाधनों को अवैध दोहन से बचाने के लिए की जा रही है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, जिसमें ड्रोन तकनीक का उपयोग कर दुर्गम क्षेत्रों की निगरानी भी शामिल है।








