पेंशन हितग्राहियों के डिजिटल प्रमाणन कार्य को गति देने उपायुक्त श्री गुप्ता ने की समीक्षा,87 प्रतिशत डीएलसी कार्य पूर्ण, शेष हितग्राहियों का शीघ्र डिजिटल प्रमाणन कराने के निर्देश

पेंशन हितग्राहियों के डिजिटल प्रमाणन कार्य को गति देने उपायुक्त श्री गुप्ता ने की समीक्षा,87 प्रतिशत डीएलसी कार्य पूर्ण, शेष हितग्राहियों का शीघ्र डिजिटल प्रमाणन कराने के निर्दे
कटनी – नगर निगम कटनी द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों के डिजिटल जीवन प्रमाणन (डीएलसी) कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता ने डीएलसी कार्य की वार्डवार प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्य को गति प्रदान कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में अब तक 87 प्रतिशत पेंशन हितग्राहियों का डिजिटल प्रमाणन कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वार्ड क्रमांक 1, 2, 6, 8, 9, 28, 30, 32, 34, 44 एवं 45 में कुछ हितग्राहियों का डीएलसी कार्य अभी शेष है। उपायुक्त श्री गुप्ता ने संबंधित अमले को निर्देशित किया कि शेष हितग्राहियों से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए डिजिटल प्रमाणन का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि कार्य की गति बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य शाखा के वार्ड दरोगा एवं स्वच्छता निरीक्षक आपसी समन्वय से कार्य करें। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित वार्ड पार्षद का सहयोग लेकर भी हितग्राहियों तक पहुंच बनाई जाए, ताकि कोई भी पात्र पेंशन हितग्राही डिजिटल प्रमाणन के अभाव में शासन की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उपायुक्त श्री गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डिजिटल प्रमाणन की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक हितग्राही का फील्ड स्तर पर विधिवत सत्यापन सुनिश्चित करने के उपरांत ही डिजिटल प्रमाणन की कार्यवाही की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखते हुए शेष कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पेंशन शाखा लिपिक श्री सुनील जार भी मौजूद रहे।








