Site icon Yashbharat.com

सिंगरौली में 8 साल की बच्ची से क्रूरता का आरोप, पिता का शव मिला

सिंगरौली में 8 साल की बच्ची से क्रूरता

सिंगरौली (मध्य प्रदेश): जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बच्ची के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप बच्ची के पिता और सौतेली मां पर हैं। बच्ची फिलहाल जिला अस्पताल में भर्ती है। मामले में नया मोड़ तब आया, जब आरोपी पिता का शव जंगल में फंदे पर लटका मिला। सौतेली मां अब भी फरार है।

बाल कल्याण समिति के सामने बयान

मामले का खुलासा 23 अगस्त को हुआ, जब महिला पुलिस बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के पास लेकर पहुंची। बच्ची ने समिति को अपनी आपबीती बताई, जिसे सुनकर अधिकारी भी सन्न रह गए। बच्ची ने पिता पर गलत काम करने और सौतेली मां पर मारपीट व गर्म चिमटे से दागने का आरोप लगाया है।

समिति के अध्यक्ष आर.डी. पांडेय के अनुसार बच्ची की हालत नाजुक है और उसे विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उन्होंने बताया कि इलाज के शुरुआती दौर में आरोपी पिता बच्ची को चुपके से अस्पताल से ले गया था। पुलिस और प्रशासन ने उसे दोबारा बरामद किया और वन स्टॉप सेंटर होते हुए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस: बच्ची के दो अलग-अलग बयान

सिंगरौली के पुलिस अधीक्षक ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की गहन जांच की बात कही। उनके मुताबिक बच्ची के दो अलग-अलग बयान सामने आए हैं। पहले बयान में उसने दुष्कर्म का जिक्र नहीं किया था, और प्राथमिक मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर आंतरिक चोटों की पुष्टि भी नहीं हुई थी। दूसरे बयान में बच्ची ने पिता पर सीधे दुष्कर्म का आरोप लगाया है। विस्तृत फोरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट आना बाकी है, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी। एसपी ने कहा कि पहली प्राथमिकता बच्ची की जान बचाना और उसे बेहतर इलाज देना है।

सिविल सर्जन और पुलिस के बयानों में अंतर

जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि ने बताया कि बच्ची आईसीयू में भर्ती है और स्टाफ लगातार निगरानी कर रहा है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की टीम भी देख रही है और स्थिति फिलहाल स्थिर है। मेडिकल रिपोर्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने मेडिकल कराया होगा तो रिपोर्ट एक दिन में मिल जाती है। वहीं पुलिस अधीक्षक के अनुसार उन्हें अब तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिली है। इस समन्वय की कमी पर सवाल उठ रहे हैं। यह भी पूछा जा रहा है कि बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही थी, तो उसे इतने दिन जिला अस्पताल में क्यों रखा गया और बड़े अस्पताल क्यों नहीं भेजा गया।

सौतेली मां की तलाश, सांसद ने दिया आश्वासन

पुलिस फरार सौतेली मां की तलाश में दबिश दे रही है। सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने फोन पर कहा कि मामला उनकी जानकारी में नहीं था। उन्होंने तुरंत एसपी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बात करने की बात कही। उनके मुताबिक अगर बच्ची की स्थिति नाजुक है, तो उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत दूसरे जिले में शिफ्ट कराया जाएगा।

Exit mobile version