संसद सत्र की तारीखों का हुआ ऐलान: 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगी लोकसभा और 2-3 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक; कल दोपहर 1 बजे मोदी कैबिनेट की अहम बैठक- परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर लग सकती है मुहर, सरकार ने जुटाया दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा
नई दिल्ली, yashbharat.com। संसद सत्र को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर गुरुवार को विराम लग गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पुष्टि की है कि केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक लोकसभा की बैठक और राज्यसभा के सभापति से 2 और 3 दिसंबर को उच्च सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
संसद की इस कार्यवाही से ठीक पहले शुक्रवार (27 नवंबर) दोपहर 1:00 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल (Cabinet) की एक बेहद अहम बैठक होगी। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में परिसीमन (Delimitation) से जुड़े महिला आरक्षण संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने और उसे मंजूरी दिए जाने की प्रबल संभावना है।
संसद सत्र और सियासी समीकरणों से जुड़े प्रमुख बिंदु
विशेष सत्र नहीं, मानसून सत्र का ही विस्तार: तकनीकी रूप से यह कोई नया या विशेष सत्र नहीं होगा। दरअसल, 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन मानसून सत्र का औपचारिक समापन (अवसान) नहीं हुआ था। लिहाजा, अब मानसून सत्र की निरंतरता में ही लोकसभा की चार दिन (30 नवंबर से 3 दिसंबर) और राज्यसभा की दो दिन (2 और 3 दिसंबर) कार्यवाही संचालित की जाएगी।
अमित शाह ने दिए थे बिल लाने के स्पष्ट संकेत: इससे पहले गुरुवार शाम दिल्ली में ‘संविधान गौरव दिवस’ के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसके साफ संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने महिला आरक्षण बिल को रोका था, लेकिन मोदी सरकार का यह संकल्प है कि इस विधेयक को जल्द से जल्द संसद में लाकर पारित कराया जाएगा। हालांकि, किरेन रिजिजू ने अभी आधिकारिक तौर पर सदन का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है।
दो-तिहाई बहुमत के लिए सरकार ने बिछाई सियासी बिसात: संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होती है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि पिछले कई महीनों की रणनीति के बाद सरकार ने यह आंकड़ा जुटा लिया है।
ऐसे जुड़े सियासी तार: राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, डीएमके (DMK) का कांग्रेस से अलग होना, तृणमूल कांग्रेस (TMC) में टूट, उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों का शिंदे गुट के साथ आना, पंजाब में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों का भाजपा में शामिल होना, अकाली दल का साथ आना और हाल ही में एनसीपी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले द्वारा परिसीमन बिल को लेकर दिए गए सकारात्मक संकेतों ने सरकार के लिए दो-तिहाई बहुमत का रास्ता साफ कर दिया है।














