खंडवा: पंचायत सचिव के खातों से साइबर ठगों ने उड़ाए ₹8 लाख, 5 दिनों में 103 बार हुए ट्रांजेक्शन
खंडवा/खालवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के विकासखंड खालवा में साइबर ठगी का एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कालाआम खुर्द के सचिव श्यामलाल यादव (निवासी जोगीबेड़ा) के बैंक खातों से साइबर ठगों ने महज पांच दिनों के भीतर ₹8 लाख से अधिक की राशि उड़ा दी।
5 दिनों में 103 बार ट्रांसफर हुई रकम
पीड़ित के अनुसार, 5 से 10 अक्टूबर के बीच उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 103 बार पैसे का लेन-देन (ट्रांजेक्शन) किया गया। इस दौरान ठगों ने ₹8,07,600 की भारी-भरकम राशि अलग-अलग अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर ली।
हैरान करने वाली बात: मोबाइल पर नहीं आए मैसेज
घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी संख्या में लेन-देन होने के बावजूद पीड़ित के मोबाइल पर अधिकांश ट्रांजेक्शन के मैसेज प्राप्त ही नहीं हुए। खाते में गड़बड़ी का अंदेशा होने पर जब पीड़ित ने बैंक जाकर पासबुक व स्टेटमेंट चेक कराया, तब इस बड़े वित्तीय फ्रॉड का खुलासा हुआ।
पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही खालवा और हरसूद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत दी गई है। खंडवा: पंचायत सचिव के खातों से साइबर ठगों ने उड़ाए ₹8 लाख, 5 दिनों में 103 बार हुए ट्रांजेक्शन
पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि पीड़ित के मोबाइल पर ट्रांजेक्शन के अलर्ट मैसेज क्यों नहीं पहुंचे।










