“सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत दिल्ली पब्लिक स्कूल, कटनी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजि
कटनी। मध्य प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत दिल्ली पब्लिक स्कूल, कटनी में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की निदेशिका श्रीमती जूही जैन, ट्रस्टी श्री अनुज जैन, प्राचार्या श्रीमती सीमा दुबे एवं उप-प्राचार्या श्रीमती शबनम अख्तर द्वारा उपस्थित अतिथियों का “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, सीएसपी सुश्री नेहा पच्चीसिया, थाना कुठला प्रभारी श्री राजेश दहिया तथा ट्रैफिक प्रभारी श्री अनूप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति से सभी अतिथियों का स्वागत किया, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक (स्किट) प्रस्तुत किया, जिसमें ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों की इस प्रस्तुति की पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियाँ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर उन्हें “साइबर वॉरियर” के रूप में प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाने की घोषणा भी की।
अपने प्रेरणादायी एवं संवादात्मक संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार के बारे में अत्यंत सरल, रोचक एवं विस्तृत तरीके से जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव एवं ज्ञान के आधार पर वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय समझाए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से उत्तर दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें तथा www.cybercrime.gov.in� पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की निदेशिका श्रीमती जूही जैन ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ डिजिटल सुरक्षा का ज्ञान देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ट्रस्टी श्री अनुज जैन ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई। वहीं प्राचार्या श्रीमती सीमा दुबे एवं उप-प्राचार्या श्रीमती शबनम अख्तर ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने समस्त अतिथियों एवं पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
