शरद पूर्णिमा पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सत्यनारायण मंदिर में लगा मेल
कटनी। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के मंदिरों में सुबह से ही धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। शहर के प्रसिद्ध सत्यनारायण मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, बिलहरी के समीप बांधा, इमलाज सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित कृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने विशेष रूप से पूजन और आरती कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
शरद पूर्णिमा के अवसर पर मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं ने भगवान के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की तथा धार्मिक परंपराओं के अनुसार आरती में भाग लिया। मंदिरों में भक्ति गीतों और पूजा-पाठ के बीच वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
वहीं, शहर के प्रसिद्ध सत्यनारायण मंदिर में शरद पूर्णिमा के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया। मेले को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए लोगों की आवाजाही बनी रही। पर्व के चलते मंदिरों में विशेष धार्मिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
शरद पूर्णिमा पर खीर का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के तहत शाम को शहर के विभिन्न मंदिरों में खीर प्रसाद का वितरण किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान को खीर का भोग अर्पित कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात को विशेष पुण्यदायी माना जाता है। इसी आस्था के चलते लोग पूरे श्रद्धाभाव से पर्व मनाते हैं।
शहर में शरद पूर्णिमा का पर्व धार्मिक श्रद्धा, पूजा-अर्चना और पारंपरिक आयोजनों के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

