अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर कसा शिकंजा; ड्रग्स, फिरौती और हत्या की साजिश की अमेरिकी चार्जशीट में पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर का भी नाम
वॉशिंगटन: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैर पसार चुके भारत के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और उसके आपराधिक सिंडिकेट के खिलाफ अमेरिका में कानून का शिकंजा पूरी तरह कस गया है। अमेरिका की ‘ग्रैंड ज्यूरी’ ने भारत, अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको तक फैले एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए जग्गू भगवानपुरिया और उसके गुर्गों के खिलाफ एक सनसनीखेज चार्जशीट दाखिल की है।अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर कसा शिकंजा; ड्रग्स, फिरौती और हत्या की साजिश की अमेरिकी चार्जशीट में पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर का भी नाम
‘इंडिया टीवी’ के पास मौजूद इस अमेरिकी चार्जशीट में ड्रग तस्करी, रंगदारी, अवैध हथियारों के काले कारोबार और हत्या की साजिशों की लंबी फेहरिस्त है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस चार्जशीट में पंजाब पुलिस के एक कथित भ्रष्ट इंस्पेक्टर का भी बकायदा जिक्र किया गया है, जिसकी मदद से यह गैंग वसूली के घिनौने खेल को अंजाम दे रहा था।
लॉस एंजिलिस से कनाडा तक कोकीन सिंडिकेट
अमेरिकी चार्जशीट के मुताबिक, जग्गू भगवानपुरिया गैंग अमेरिका महाद्वीप में बड़े पैमाने पर कोकीन और हेरोइन की तस्करी में लिप्त है। गैंग ने लॉस एंजिलिस से लेकर कनाडा के वैंकूवर तक भारी मात्रा में कोकीन भेजने का एक मजबूत नेटवर्क तैयार कर रखा था।
-
बड़ी डील: चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि 16 फरवरी 2026 को इस गैंग ने करीब 163 किलोग्राम कोकीन की खेप के साथ 20 किलोग्राम अतिरिक्त कोकीन भेजने की व्यवस्था पर सहमति जताई थी।
-
ट्रैकिंग: इससे पहले मई-जून 2025 के दौरान भी अमेरिकी एजेंसियों ने इस सिंडिकेट के करीब 100 किलो कोकीन और 1 किलो हेरोइन की डिलीवरी के पूरे नेटवर्क को ट्रैक करके जब्त किया था।
पंजाब में मियानी मर्डर और इंस्टाग्राम पोस्ट की साजिश
चार्जशीट के अनुसार, इस गैंग की जड़ें भारत में बैठकर ही विदेशों तक ऑपरेट हो रही हैं। 15 जनवरी 2026 को पंजाब के मियानी में हुई एक हत्या की जिम्मेदारी लेने के लिए गैंग ने बकायदा सोशल मीडिया का सहारा लिया। साजिश के तहत पहले इंस्टाग्राम पोस्ट की योजना बनाई गई और अगले ही दिन मृतक के पीड़ित परिवार को उस पोस्ट का स्क्रीनशॉट भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का खौफनाक दावा पेश किया गया।
पंजाब पुलिस का अधिकारी भी रडार पर, अमेरिका मांगेगा प्रत्यर्पण
अमेरिकी जांच एजेंसी के दावों ने पंजाब पुलिस महकमे में भी खलबली मचा दी है। चार्जशीट में कहा गया है कि पंजाब पुलिस के एक कथित भ्रष्ट अधिकारी ने इस गैंग की मदद की।
गैंग ने पुलिस अधिकारी के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को ही हत्या के झूठे मामले में फंसाने का जाल बुना। पीड़ित परिवार को धमकी दी गई कि अगर उन्होंने मोटी रकम नहीं दी तो परिवार के 3 लोगों को आरोपी बना दिया जाएगा। बाद में कथित तौर पर पैसे लेकर परिवार के दो सदस्यों का नाम हटाने का सौदा किया गया। अमेरिकी जांच एजेंसियां अब इस पंजाब पुलिस अधिकारी के प्रत्यर्पण (Extradition) की मांग करने की तैयारी में हैं।
अमेरिकी जेल में बंद गुर्गे ने मांगी करोड़ों की रंगदारी
इस गैंग का दुस्साहस इस कदर बढ़ा हुआ है कि इसका एक सदस्य अमेरिकी इमिग्रेशन (आप्रवासन) की हिरासत में रहते हुए भी अपराध को अंजाम दे रहा था। हिरासत में रहते हुए उसने ओहायो के एक भारतीय मूल के कारोबारी से पहले 15 लाख रुपये और बाद में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। डराने के लिए कारोबारी के घर की तस्वीरें भेजी गईं और उसे व उसके बच्चों को जान से मारने की सीधी धमकी दी गई।
मशीनगन और अवैध हथियारों का कारोबार
ड्रग्स के अलावा यह गैंग बिना लाइसेंस के अत्याधुनिक हथियार बेचने के रैकेट में भी शामिल है। ये लोग ग्राहकों को एन्क्रिप्टेड ऐप्स पर हथियारों की तस्वीरें भेजकर सौदा तय करते थे और सार्वजनिक जगहों पर उनकी डिलीवरी देते थे। जांच के दौरान एक आरोपी के पास से मशीनगन कन्वर्जन डिवाइस (स्वचालित बनाने वाला पुर्जा) से लैस एक खतरनाक 9 एमएम पिस्तौल भी बरामद की गई है।
अमेरिकी एजेंसियों ने अपने गोपनीय मुखबिरों (Undercover Informants) के जरिए इस पूरे सिंडिकेट को जाल बिछाकर दबोचा है। अब अमेरिकी सरकार ने इस गिरोह की करोड़ों डॉलर की संपत्ति को जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
