कटनी में रेत माफियाओं की उल्टी गिनती शुरू, अवैध परिवहन के रास्ते होंगे बंद
कटनी में रेत माफियाओं की उल्टी गिनती शुरू, अवैध परिवहन के रास्ते होंगे बंद
कटनी SDM के आदेश से मझगवां की बंद पुलिया खुली, हाईवे पर फिर शुरू हुआ आवागमन
कटनी में रेत माफियाओं की उल्टी गिनती शुरू, अवैध परिवहन के रास्ते होंगे बंद
कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा और कस दिया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बड़वारा और बरही क्षेत्र के विभिन्न रेत घाटों में व्यापक संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर रेत माफियाओं के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान अवैध परिवहन में उपयोग किए जा रहे कई अस्थायी मार्गों की पहचान की गई, जिन्हें जल्द ही ध्वस्त कर स्थायी रूप से बंद किया जाएगा।
नदी तटों तक पहुंची टीम, जमीनी हकीकत की जांच
खनिज विभाग, मध्यप्रदेश माइनिंग कॉरपोरेशन और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने लदहर, सुतरी, बहरघटा, इमलिया, सुड्डी, बसाड़ी तथा सकरी-कुम्हरवारा सहित विभिन्न स्वीकृत रेत खदानों और घाटों का गहन निरीक्षण किया। टीम ने अभिलेखों की जांच के साथ-साथ नदी तटों पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान खदानों में उत्खनन गतिविधियां बंद मिलीं, लेकिन अधिकारियों ने उन क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जहां से अवैध परिवहन की आशंका थी। कई कच्चे रास्तों और संपर्क मार्गों की पहचान की गई, जिनका उपयोग अवैध रेत परिवहन में किया जा सकता था।
अवैध रास्तों पर चलेगा बुलडोजर
प्रशासन ने रेत माफियाओं द्वारा तैयार किए गए अस्थायी मार्गों की मैपिंग कर उनका पूरा नेटवर्क चिन्हित कर लिया है। पूर्व में ध्वस्त किए गए मार्गों का भी पुनः निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इन रास्तों को पूरी तरह नष्ट कर अवैध परिवहन की संभावनाओं को समाप्त किया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की गतिविधियों संबंधी जानकारी भी जुटाई गई, ताकि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सीमावर्ती खदानों पर भी सख्त निगरानी
अभियान के दौरान माइनिंग कॉरपोरेशन की टीम ने उमरिया जिले की सीमा से लगी खैरवार रेत खदान का निरीक्षण किया। संबंधित ठेकेदार को शासन के सभी नियमों और शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर आशीष तिवारी के नेतृत्व में जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब और अधिक प्रभावी, तकनीक आधारित तथा परिणामोन्मुखी बनाया जा रहा है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जिले में रेत माफियाओं के लिए कोई भी अवैध रास्ता खुला नहीं छोड़ा जाएगा।कटनी में रेत माफियाओं की उल्टी गिनती शुरू, अवैध परिवहन के रास्ते होंगे बंद
संयुक्त दल में शामिल रहे अधिकारी
अभियान में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक कमलकांत परास्ते, थाना प्रभारी बड़वारा के.के. पटेल, माइनिंग कॉरपोरेशन के बालकृष्ण पांडे, पी.एल. द्विवेदी सहित खनिज विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।