Site icon Yashbharat.com

निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने नेशनल लोक अदालत का किया निरीक्षण, नागरिकों से संवाद कर समस्याएं सुनीं, कर बकाया प्रकरणों में छूट का लाभ लेने,की अपील

IMG 20260314 WA0046

निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने नेशनल लोक अदालत का किया निरीक्षण, नागरिकों से संवाद कर समस्याएं सुनीं, कर बकाया प्रकरणों में छूट का लाभ लेने,की अपी

कटनी- नगर पालिक निगम कटनी परिसर में आयोजित नेशनल लोक अदालत का निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से चर्चा करते हुए नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगमाध्यक्ष श्री पाठक ने लोक अदालत में पहुंचे नागरिकों से आत्मीयतापूर्वक संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं सुगम प्रशासन उपलब्ध कराना है।

निगमाध्यक्ष श्री पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से संपत्ति कर एवं जलप्रभार से संबंधित बकाया प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष छूट प्रदान की जा रही है। संपत्ति कर के प्रकरणों में 50,000 रुपये तक के बकाया पर अधिभार में 100 प्रतिशत तक की छूट, 50,000 रुपये से 1,00,000 रुपये तक के बकाया पर अधिभार में 50 प्रतिशत तक की छूट तथा 1,00,000 रुपये से अधिक बकाया पर अधिभार में 25 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है।

इसी प्रकार जलप्रभार के प्रकरणों में 10,000 रुपये तक के बकाया पर अधिभार में 100 प्रतिशत तक की छूट, 10,000 रुपये से 50,000 रुपये तक के बकाया पर अधिभार में 75 प्रतिशत तक की छूट तथा 50,000 रुपये से अधिक बकाया पर अधिभार में 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है।

श्री पाठक नें जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन नगर पालिक निगम कटनी परिसर के अतिरिक्त जोन कार्यालय तथा सुभाष चौक में भी किया गया है, ताकि शहर के अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें।

निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने शहर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे नेशनल लोक अदालत में पहुंचकर शासन द्वारा प्रदान की जा रही इस विशेष छूट का लाभ उठाएं और अपने लंबित कर प्रकरणों का निराकरण कर अनावश्यक असुविधा से बचें। उन्होंने कहा कि नगर निगम कटनी शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस दौरान सर्वश्री जिला योजना समिति के सदस्य एवं पार्षद शशिकांत तिवारी,सुमित्रा रावत,सुशीला कोल,सरला मिश्रा,प्रभा गुप्ता,ओम प्रकाश बल्ली सोनी राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक,आर.एस.आई मुकेश राजपूत,लवकुश तिवारी सहित शहर के नागरिको की उपस्थिति रही ।

Exit mobile version