CoronaLatest

coronavirus vaccine फ़ाइजर का दावा- हमारी वैक्सीन 90 फीसदी असरदार

coronavirus vaccine अमेरिकी दवा कंपनी फाइजर ने दावा किया है कि ट्रॉयल के दौरान उनकी कोरोना वायरस वैक्सीन ने उम्मीद से बेहतर नतीजे दिए हैं। कंपनी का कहना है कि वॉलंटियर्स को यह वैक्सीन दी गई थी। उन पर इसने 90 प्रतिशत से ज्यादा असर दिखाया। फाइजर ने यह वैक्सीन जर्मन दवा निर्माता कंपनी बायो एन टेक के साथ मिलकर विकसित की है।

कंपनी इस महीने वैक्सीन के दो डोज के लिए फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन से आपातकालीन मंजूरी लेने की योजना बना रही है। इसके लिए नवंबर के तीसरे सप्ताह में आवेदन किया जाएगा।

‘यह ऐतिहासिक पल’

फाइजर के वैक्सीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट की हेड कैथरीन जानसेन ने कहा कि यह ऐतिहासिक पल है। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ है। सबसे पहले दुनिया को एक भयानक स्थिति महामारी का सामना करना पड़ा। इसके बाद हम कुछ महीनों में ही वैसा करने में सक्षम हो गए, जिसे करने में कई साल लगते। एनालिसिस के हिसाब से हम 90 प्रतिशत से ज्यादा प्रभावी रहे हैं। यह सुनना बहुत हैरानी भरा था।

44 हजार लोगों पर ट्रायल

फाइजर ने 6 देशों के लगभग 44,000 लोगों पर वैक्सीन का ट्रायल किया है। वैक्सीन देने के बाद वॉलंटियर के स्वास्थ्य पर कोई गंभीर खतरा नजर नहीं आया। अभी यह तीसरे फेज में है। फेज थ्री ट्रायल का अंतिम चरण होता है। इसमें 94 लोगों को वैक्सीन का डोज दिया गया। इनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। इनमें से 9 लोगों में वैक्सीन ने मजबूत असर दिखाया।

वैक्सीन की दो डोज देने की जरूरत होती है। इन्हें तीन सप्ताह में दिया जाता है। बायो एन टेक बड़े पैमाने पर इसके उत्पादन के लिए दिन-रात काम कर रही है। उम्मीद है इस साल कंपनी पांच करोड़ डोज तैयार कर लेगी। इससे ढाई करोड़ लोगों को दो डोज दिए जा सकेंगे। 2021 के आखिर तक 1.3 अरब डोज तैयार करने की योजना है।

बीते 10 दिन में अमेरिका में लाखों मामले सामने आए

अमेरिका दुनिया का पहला देश बन गया है जहां कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ के पार हो गया है। रॉयटर्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अमेरिका में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है। बीते 10 दिन में अमेरिका में लाखों मामले सामने आए हैं। वॉशिंगटन में 293 दिन पहले कोरोना का पहला केस आया था। अमेरिका में शनिवार को 1 लाख 31 हजार 420 मामले दर्ज किए गए थे।

अमेरिका में बीते सात दिन में कोरोना के नए मामले आने का औसत 1 लाख 5 हजार 600 रहा। इसमें 29% की बढ़ोतरी देखी गई। अमेरिका के कुल मामले भारत (85 लाख से ज्यादा) और फ्रांस (17 लाख से ज्यादा) केसों से ज्यादा हैं। अब तक कोरोना से दुनिया में 5 करोड़ 7 लाख 37 हजार 875 केस सामने आ चुके हैं। 12 लाख 62 हजार 130 लोगों की मौत हो चुकी है। 3 करोड़ 57 लाख 95 हजार 252 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply