Coronavirus in Indore : तीन जिलों में इंदौरियों के प्रवेश पर रोक, खरगोन में 65 को पकड़ा और बस से इंदौर भेजा

इंदौर । Coronavirus in Indore : कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण इंदौर जिला ‘ब्लैक लिस्ट’ कर दिया गया है। करीबी जिले में इंदौर वासियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। वहीं, इंदौर में धार, खरगोन और खंडवा जाने वाले सारे रास्ते सील कर दिए गए। उधर, बुधवार को कई शहरों में इंदौरियों की तलाश की गई। खरगोन पुलिस ने तो करीब 65 लोगों को पकड़ा और बस से इंदौर भेज दिया।
यह पहला वाकया है जब किसी शहर के लोगों को संदेह की नजरों से देखा जाने लगा है। आइजी विवेक शर्मा के मुताबिक सख्ती कोविड-19 की बढ़ती तादाद के कारण की जा रही है।
शहर के कई क्षेत्रों से कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं और प्रशासन स्क्रीनिंग करवा रहा है। ऐसे में कोरोना मरीज के दूसरे जिले या शहर में प्रवेश की आशंका बनी रहती है। बुधवार को धार, खरगोन और खंडवा एसपी को निर्देश देकर सीमाएं सील करवा दी गईं।
आइजी ने यह भी कहा कि ग्रामीण इलाकों से आने वाली कच्ची पगडंडी पर भी नजर रखी जाए। खरगोन में तो बुधवार से बाहरी व्यक्तियों की पहचान शुरू कर दी गई और करीब 65 लोगों को पकड़ लिया। उनके विरुद्ध धारा 188 के तहत केस दर्ज किया और सभी का स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाया। डीआइजी हरिनारायणचारी मिश्र ने पुष्टि की और कहा कि इंदौर से खरगोन गए 65 लोगों को बसों से भेजा गया है।







