Coronavirus: रेट कटौती से इनकार नहीं, सभी जरूरी कदम उठाने के लिए तैयार RBI: शक्तिकांत दास
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। कोरोनावायरस की वजह से दुनियाभर की अर्थव्यवस्था में उपजे अनिश्चितता के माहौल के बीच RBI ने सोमवार को घरेलू स्तर पर हालात को संभालने की कोशिश की। इस कड़ी में RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि केंद्रीय बैंक कोरोनावायरस से उपजे हालात पर नजर रख रहा है और समय आने पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान दास ने रेपो रेट में कटौती की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बैंक हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
कोरोनावायरस के प्रभाव को लेकर दास ने कहा कि पूरी दुनिया पर इसका असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत कोरोना से अछूता नहीं है और देश की अर्थव्यवस्था में COVID-19 का असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अगले महीने की शुरुआत में आरबीई की एमपीसी में इसके असर पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आरबीआई तैयार है।

