अफगानिस्तान और नेपाल-तिब्बत सीमा पर लगातार भूकंप के झटके: अफगानिस्तान में 4.2 और मुस्तांग में 5.3 तीव्रता का कंपन्न
अफगानिस्तान और नेपाल-तिब्बत सीमा पर लगातार भूकंप के झटके: अफगानिस्तान में 4.2 और मुस्तांग में 5.3 तीव्रता का कंपन्न
नई दिल्ली/काठमांडू (Yashbharat.com)। एशिया के हिमालयी और पर्वतीय क्षेत्रों में भूगर्भीय हलचलें तेज हो गई हैं। अफगानिस्तान में बुधवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके दर्ज किए गए। ‘नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी’ (NCS) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.2 मापी गई। यह भूकंप आज सुबह 10:01 बजे महसूस किया गया। फिलहाल इससे किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
नेपाल और तिब्बत सीमा पर 5.3 तीव्रता का भूकंप
इससे पहले मंगलवार देर रात नेपाल और तिब्बत के सीमावर्ती इलाकों में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए:
-
नेपाल का मुस्तांग जिला: उत्तर-पश्चिम नेपाल के मुस्तांग जिले में स्थित लोमान्थांग (काठमांडू से 375 किमी दूर) में मंगलवार रात 9:53 बजे 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके आसपास के मनांग, डोल्पा और म्याग्दी जिलों में भी महसूस किए गए।
-
तिब्बत क्षेत्र: यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूविज्ञान केंद्र (EMSC) के अनुसार, तिब्बत क्षेत्र में 5.3 तीव्रता का भूकंप 35 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज हुआ। यह कंपन्न नेपाल-तिब्बत सीमा पर हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ और आपदा के तुरंत बाद आया है।
अरुणाचल प्रदेश और अफगानिस्तान में भी डोली धरती
-
अरुणाचल प्रदेश (भारत): मंगलवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के बिछोम क्षेत्र (तवांग के पास) में भी 2.9 तीव्रता के हल्के झटके दर्ज किए गए। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था।
-
अफगानिस्तान में लगातार झटके: बुधवार के झटकों से पहले सोमवार सुबह 5:36 बजे भी अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई जमीन के अंदर 130 किलोमीटर दर्ज की गई थी।
हिमालयी क्षेत्रों में लगातार आ रहे इन झटकों के बाद मौसम और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने तटीय व पहाड़ी इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।







