यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस का ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार: सहारनपुर से वाराणसी तक इन 181 सीटों पर ठोका दावा, देखें पूरी लिस्ट
नई दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन में सीट बंटवारे की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार, 16 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक अहम बैठक बुलाई है।
इस उच्चस्तरीय बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। बैठक में यूपी के मौजूदा राजनीतिक समीकरणों और सपा के साथ होने वाली औपचारिक बातचीत के एजेंडे पर मंथन किया जा रहा है। यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस का ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार: सहारनपुर से वाराणसी तक इन 181 सीटों पर ठोका दावा, देखें पूरी लिस्ट
दिल्ली में आंतरिक मंथन के बाद कल यानी 17 नवंबर को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का पहला दौर शुरू होगा। जानकारी के मुताबिक, दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं और समन्वय समिति के सदस्यों की यह बैठक लखनऊ में होने की संभावना है, जहां एक-एक सीट के समीकरण और जीत की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी स्पष्ट किया है कि दोनों दल मिलकर यह तय करेंगे कि किस सीट पर कौन सी पार्टी जीतने की स्थिति में है, और उसी आधार पर टिकटों का बंटवारा होगा।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से करीब 181 संभावित सीटों की एक सूची तैयार कर समाजवादी पार्टी को सौंपी है। पार्टी की रणनीति के तहत जिन जिलों में कांग्रेस के सांसद हैं, वहां कम से कम 3 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है, जबकि अन्य जिलों में संगठन की मजबूती के आधार पर 1 से 2 सीटों पर दावा ठोका गया है।
इन प्रमुख जिलों की सीटों पर कांग्रेस की खास नजर:
- सहारनपुर: गंगोह, नकुड़, बेहट और सहारनपुर देहात
- अमेठी-रायबरेली: तिलोई, गौरीगंज, जगदीशपुर, बछरावां, सरेनी, ऊंचाहार, सलोन और रायबरेली सदर
- लखनऊ-बाराबंकी: सरोजनीनगर, मलिहाबाद, बक्शी का तालाब, जैदपुर, दरियाबाद और रामनगर
- वाराणसी-प्रयागराज: पिंडरा, वाराणसी कैंट, रोहनिया, अजगरा, सेवापुरी, प्रयागराज उत्तरी, पश्चिमी और करछना
- कानपुर-आगरा: कानपुर कैंट, किदवई नगर, गोविंदनगर, घाटमपुर, खैरागढ़ और बाह
- पूर्वांचल और अन्य जिले: सीतापुर, हरगांव, बिस्वां, मिश्रिख, फरेंदा, नौतनवा, तमकुहीराज, फाजिलनगर, रुद्रपुर, सलेमपुर, रामपुर खास, प्रतापगढ़ सदर, बिंदकी, नरैनी, बांगरमऊ, बिलग्राम-मल्लावां, बिल्सी, उतरौला, गौरा, शोहरतगढ़ और खलीलाबाद
दोनों दलों की कमेटियों के बीच सीटों पर सहमति बनने के बाद ही शीर्ष नेतृत्व की ओर से गठबंधन के अंतिम फॉर्मूले का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। यूपी विधानसभा चुनाव 2027: सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस का बड़ा मंथन, सपा को सौंपी 181 सीटों की लिस्ट

