Site icon Yashbharat.com

विरोध करने पहुंचे कांग्रेसियों की भाजपाइयों से भिड़ंत, भागीरथपुरा में तनाव, हंगामा

03 01 2026 indore contaminated water

इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी के सेवन से 16 लोगों की मौत के बाद इंदौर की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। इस गंभीर मामले को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा गठित जांच कमेटी के सदस्य, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित कई विधायक और वरिष्ठ नेता प्रभावित इलाके में पहुंचे।

कांग्रेस नेताओं के पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ता भारी संख्या में भागीरथपुरा में जमा हो गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें क्षेत्र में घुसने से रोकने की कोशिश की। माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं की ओर चूड़ियां फेंकी और काले झंडे दिखाए। इस दौरान पुलिस को स्थिति संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे पीड़ित परिवारों से मिलकर हालात का जायजा लेने और प्रशासनिक लापरवाही की सच्चाई सामने लाने आए हैं। हालांकि, कांग्रेस के इस दौरे का भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया, जिसके चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और दोनों दलों के नेता व कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे हालात को नियंत्रण में रखा जा सके। इस दौरान कांग्रेस ने नगर निगम और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दूषित पेयजल आपूर्ति के बावजूद समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिससे यह दुखद हादसा हुआ।

वहीं भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के दौरे को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि संवेदनशील मामले पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर जांच जारी है, लेकिन इस मुद्दे ने शहर की सियासत को पूरी तरह गर्मा दिया है।

Exit mobile version