संपर्क क्रांति एवं गोंडवाना एक्सप्रेस का निजामुद्दीन स्टेशन से प्रस्थान समय में बदलाव की मांग, शहर के आम नागरिकों एवं व्यापारियों ने पमरे महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा
संपर्क क्रांति एवं गोंडवाना एक्सप्रेस का निजामुद्दीन स्टेशन से प्रस्थान समय में बदलाव की मांग, शहर के आम नागरिकों एवं व्यापारियों ने पमरे महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंप
कटनी। शहर के आम नागरिकों एवं व्यापारियों की ओर से एक ज्ञापन पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह को सौंप कर हजरत निजामुद्दीन से जबलपुर के बीच कटनी मुड़वारा होकर चलने वाली गाड़ी संख्या 12122 म.प्र. संपर्क क्रांति एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से प्रस्थान समय में बदलाव करने की मांग की है। महाप्रबंधक को सौंपे गए ज्ञापन में शहर के आम नागरिकों एवं व्यापारियों का तर्क है कि गाड़ी संख्या 12122 म.प्र. संपर्क क्रांति एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस का निजामुद्दीन स्टेशन से प्रस्थान समय लगभग एक जैसा होने के कारण यात्रियों को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से व्यापारी वर्ग को एक अतिरिक्त दिन निजामुद्दीन में रुकना पड़ता है, जिससे समय की हानि के साथ आर्थिक भार भी बढ़ता है। वर्तमान समय-सारणी के कारण व्यापारिक आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए शहर के आम नागरिकों एवं व्यापारी वर्ग ने पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह से आग्रह किया है कि गाड़ी संख्या 12122 म.प्र. संपर्क क्रांति एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस में से किसी एक ट्रेन का प्रस्थान समय रात्रि लगभग 9 बजे के आसपास निर्धारित किया जाए, जिससे यात्रियों को आवागमन में अधिक सुविधा प्राप्त हो सके तथा आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके। साथ ही कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2 एवं 5 पर लिफ्ट सुविधा उपलब्ध कराए जाने की भी मांग की जाती है ताकि दिव्यांगजन, महिलाएं एवं बुजुर्ग यात्रियों को प्लेटफार्म तक पहुंचने में सुविधा हो सके।

