स्वामित्व योजना और शिकायतों के निराकरण में लाएं तेजी: कलेक्टर आशीष तिवारी की सख्त हिदायत; PWD अधिकारी व भू-अभिलेख अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी
कटनी, yashbharat.com (26 अक्टूबर)। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा (TL) बैठक में विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया। कलेक्टर ने ‘स्वामित्व योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान काम में उदासीनता और बिना तैयारी के आने पर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी तथा अधीक्षक भू-अभिलेख को कारण बताओ नोटिस जारी करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
लापरवाही पर चला प्रशासनिक चाबुक
कलेक्टर श्री तिवारी ने बैठक के दौरान कई अधिकारियों की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई:
-
बिना तैयारी आने पर नोटिस: भू-अभिलेख विभाग की समीक्षा के दौरान सहायक अधीक्षक श्री चन्द्रभान सिंह के बिना तैयारी के आने पर नाराजगी जताते हुए अधीक्षक भू-अभिलेख श्री मुन्नालाल तिवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
-
PWD अधिकारी पर गाज: सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लगातार ढिलाई बरतने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के उपस्थित अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
-
संतुष्टिपूर्ण समाधान: कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के मामलों में सिर्फ औपचारिक जवाब न दिया जाए, बल्कि शिकायतकर्ताओं को संतुष्टिपूर्ण समाधान मिलना चाहिए।
स्वामित्व योजना व जन-विश्वास शिविर पर फोकस
-
स्वामित्व योजना: सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि आबादी भूमि के अधिकार अभिलेख तैयार करने के कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को उनकी जमीन का मालिकाना हक समय पर मिले।
-
30 अक्टूबर ढीमरखेड़ा शिविर: 30 अक्टूबर को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में आयोजित होने वाले ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ शिविर के लिए चिन्हित प्रकरणों का पूर्व में ही शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा
-
महिला एवं बाल विकास: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पोषण ट्रैकर में चिन्हित SAM व MAM बच्चों की प्रगति और पोषण पुनर्वास केंद्रों (NRC) की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
-
स्वास्थ्य सेवाएं: ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों (BMHO) को स्वास्थ्य सेवा के मानकों में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
-
स्वरोजगार व आयोग के मामले: उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी और पिछड़ा वर्ग विभाग की स्वरोजगार योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरे करने तथा मानवाधिकार, SC/ST व बाल संरक्षण आयोग के प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
28 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी में आयोजित होगा ‘बलराम महोत्सव’
बैठक में कलेक्टर ने 28 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होने वाले बलराम महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों (कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य आदि) को अपनी विभागीय योजनाओं व उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए भव्य प्रदर्शनी स्टॉल लगाने के निर्देश दिए।

