Site icon Yashbharat.com

CD कांड के मुख्य आरोपी कैलाश मुरारका ने किया समर्पण, मिली जमानत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित अश्लील सीडी कांड के मुख्य आरोपी कैलाश मुरारका को आज सीबीआई की अदालत से जमानत दे दी गई। आरोपी को एक लाख स्र्पये के मुचलके पर जमानत के आदेश दिए गए। गौरतलब है कि अश्लील सीडी कांड में सीबीआई ने अपनी जांच में पूर्व भाजपा नेता कैलाश मुरारका को प्रमुख आरोपी बनाया है।

मुरारका ने कूट रचना के जरिए अश्लील सीडी तैयार कर मंत्री राजेश मूणत को बदनाम करने की साजिश रची थी। सोमवार को सीबीआई की अदालत ने चार्जशीट के आधार पर कैलाश को प्रमुख आरोपी माना है। मुरारका को लेकर अलग से मामले की सुनवाई बुधवार को हुई, जिसके बाद उसे जमानत दे दी गई।

मुरारका को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से पहले ही निष्कासित किया जा चुका है। मामले में आरोपी बनाए गए पत्रकार विनोद वर्मा को पहले ही जमानत मिल चुकी है। जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने जमानत लेने से इंकार कर दिया था और अभी वे जेल में हैं।

मैं पूरी तरह निर्दोष हूं – मुरारका

अदालत परिसर से बाहर निकलते हुए मुरारका ने कहा कि सीडी बनाने वाले जिस मानस साहू का नाम लिया जा रहा है, उसे मैं नहीं जानता। मैं पूरी तरह निर्दोष हूं और मुझे फंसाने की कोशिश की जा रही है। मुझे जो भी कहना है, अपनी पूरी बात अदालत के सामने रखूंगा।

Exit mobile version