सीबीएसई को मिला नया ‘कप्तान’: 2001 बैच के IAS मंदीप भंडारी बने CBSE के नए अध्यक्ष; 4 महीनों में तीसरी बार बदला गया प्रमुख
सीबीएसई को मिला नया ‘कप्तान’: 2001 बैच के IAS मंदीप भंडारी बने CBSE के नए अध्यक्ष; 4 महीनों में तीसरी बार बदला गया प्रमुख

नई दिल्ली, yashbharat.com। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में जारी प्रशासनिक उठापटक के बीच केंद्र सरकार ने 2001 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. मंदीप कुमार भंडारी को सीबीएसई (CBSE) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को लेकर उपजे विवादों के बाद पिछले 4 महीनों में यह तीसरा मौका है, जब बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी नए अधिकारी को सौंपी गई है।
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने डॉ. मंदीप भंडारी की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वे आईएएस लोखंडे प्रशांत सीताराम का स्थान लेंगे, जो गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के साथ-साथ सीबीएसई के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
कौन हैं डॉ. मंदीप भंडारी? जानिए प्रशासनिक सफर
-
मेडिकल बैकग्राउंड से प्रशासनिक सेवा तक: 14 दिसंबर 1974 को जन्मे डॉ. मंदीप भंडारी मूल रूप से मेडिकल पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी (दयानंद मेडिकल कॉलेज, लुधियाना) से एमबीबीएस (MBBS – गोल्ड मेडलिस्ट) की पढ़ाई पूरी की और बाद में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईएएस बने।
-
कैडर और अनुभव: वे 2001 बैच के AGMUT (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के वरिष्ठ अधिकारी हैं।
-
वर्तमान पद: सीबीएसई अध्यक्ष पद पर नियुक्ति से ठीक पहले वे 6 मार्च 2023 से जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल (LG) के प्रधान सचिव के रूप में सेवा दे रहे थे। साथ ही उनके पास श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सीईओ का प्रभार भी था।








